ब्रिगेडियर डॉ. पी. एस. भंडारी की पहल पर श्री आनंद आश्रम वृद्धाश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
सहसंपादक हरीश भाकुनी हल्द्वानी कुमाऊँ
हल्द्वानी। वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और बेहतर जीवन को लेकर श्री आनंद आश्रम वृद्धाश्रम, हल्द्वानी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर की पहल विश्वप्रसिद्ध ब्रैकियल प्लेक्सस सर्जन ब्रिगेडियर डॉ. पी. एस. भंडारी ने की।
इस अवसर पर डॉ. भंडारी ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने वृद्धजनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेते हुए उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया।
शिविर में वृद्धाश्रम में रह रहे 23 से अधिक महिला एवं पुरुष वरिष्ठ नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान रक्त एवं पेशाब की जांच भी नि:शुल्क कराई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर वृद्धजनों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 80 वर्ष से अधिक आयु के कई वरिष्ठ नागरिकों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
डॉ. पी. एस. भंडारी ने वृद्धजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने बाबा नीम करौली वरिष्ठ नागरिक गृह में बुजुर्गों के लिए उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के लिए संस्था की अध्यक्ष श्रीमती कनक चंद की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा डॉक्टर, नर्स, दवाइयों एवं अस्पताल जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय और मानवीय कार्य है।
संस्था अध्यक्ष श्रीमती कनक चंद ने इस पहल के लिए डॉ. पी. एस. भंडारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।
यह स्वास्थ्य शिविर केवल जांच और उपचार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदना और अपनत्व का संदेश भी दे गया। शिविर के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन में स्वास्थ्य और खुशहाली के प्रति विश्वास को मजबूत करने का प्रयास किया गया।





