ग्राम सौंड में न्याय रथ के साथ मेगा ड्राइव चरण-1 का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगी निःशुल्क विधिक सहायता
नैनीताल, 27 अगस्त 2026। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की जनकल्याणकारी एवं विधिक सेवा योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा ग्राम सौंड में मेगा ड्राइव चरण-1 का शुभारंभ किया गया।
अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला न्यायाधीश श्री प्रशांत जोशी ने जिला न्यायालय परिसर से न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर ग्राम सौंड के लिए रवाना किया। उनके निर्देशन में सिविल जज (सी.डि.)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पारुल थपलियाल के नेतृत्व में अभियान संचालित किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा नालसा की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना और पात्र लोगों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना है।
मेगा ड्राइव के तहत पैरालीगल वॉलंटियर्स द्वारा घर-घर संपर्क कर पात्र लाभार्थियों की पहचान की जाएगी। ग्रामीणों की कानूनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के आधार पर उन्हें आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों एवं अन्य लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामीणों तक विधिक सेवाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग के साथ कार्यों का दस्तावेजीकरण एवं प्रगति रिपोर्ट नालसा को भेजी जाएगी।
इस अवसर पर चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सोहन तिवारी, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल हेमा शर्मा, रिटेनर अधिवक्ता तारा आर्या, नाज़िर धीरज सुयाल, कनिष्ठ सहायक राहुल डंगवाल, अंबिका, यशवंत कुमार, मनोज बलसुनी, अजय बिष्ट, अनीता बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की कि वे अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में निःशुल्क विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें।




