बाल अधिकारों की सुरक्षा को लेकर शैमफोर्ड स्कूल में कार्यशाला, आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने अभिभावकों और विद्यार्थियों को किया जागरूक
हल्द्वानी, 27 अगस्त। सीनियर सेकेंडरी स्कूल शैमफोर्ड, हल्द्वानी में उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देशों पर बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण विषय को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता आयोग के सदस्य श्री योगेश सिंह रजवार ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यशाला में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों के अधिकार, सुरक्षा, संरक्षण और उनके सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने कहा कि बच्चों के अधिकार और सुरक्षा केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और उनकी समस्याओं को समय रहते समझकर उचित सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बच्चों को नशे से दूर रखने पर जोर
श्री रजवार ने बच्चों को नशे से दूर रखने के साथ-साथ उनके दैनिक आवागमन को लेकर अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को यह जानकारी रखनी चाहिए कि बच्चे स्कूल आने-जाने के दौरान किस बस, ऑटो या अन्य वाहन से यात्रा कर रहे हैं और उनके साथ कौन लोग रहते हैं। स्कूल बस व ऑटो चालकों सहित बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कर्मचारियों के आचरण और पृष्ठभूमि को लेकर भी आवश्यक सतर्कता बरतने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और उचित संरक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। बाल अधिकारों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर आयोग भी लगातार धरातल पर कार्य कर रहा है।
पॉक्सो एक्ट और चाइल्ड हेल्पलाइन की दी जानकारी
कार्यशाला में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर, चाइल्ड हेल्पलाइन किरन पंत ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकारों और चाइल्ड हेल्पलाइन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या समस्या होने पर जागरूक रहने और किसी विश्वसनीय व्यक्ति तक अपनी बात पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। इस दौरान बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ प्रतिभागियों के सवालों के जवाब भी दिए गए।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। विद्यालय बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वस्थ और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन एडवोकेट दयासागर बिष्ट, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश बिष्ट, डायरेक्टर अकादमिक्स अंजू भट्ट, प्रधानाचार्या संतोष पांडे, विनोद खोलिया, पब्लिक स्कूल एसोसिएशन अध्यक्ष कैलाश भगत, सेक्रेटरी सौरभ पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि निशिकांत जोशी, कल्पना जोशी, चाइल्ड हेल्पलाइन डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर किरन पंत, केस वर्कर बीना, युवा मोर्चा के देवेश सम्भल, मनोज गोस्वामी सहित विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक और समस्त स्टाफ मौजूद रहा।




