राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड ने रचा इतिहास, गौलापार में खेल विश्वविद्यालय की नींव CM धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया शिलान्यास, 150 छात्रों के साथ पहले शिक्षा सत्र का हुआ आगाज

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड ने रचा इतिहास, गौलापार में खेल विश्वविद्यालय की नींव

 

CM धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया शिलान्यास, 150 छात्रों के साथ पहले शिक्षा सत्र का हुआ आगाज

हल्द्वानी, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड के खेल जगत को बड़ी सौगात मिली। हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय के प्रथम चरण का शिलान्यास और भूमि पूजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने संयुक्त रूप से विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। इसी के साथ करीब 150 विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ पहले शैक्षणिक सत्र का भी शुभारंभ हुआ।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी देश-दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और मजबूत प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल विश्वविद्यालय राज्य के युवाओं को खेल क्षेत्र में नए अवसर देने के साथ उनकी प्रतिभा को वैज्ञानिक आधार देगा।

 

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गौलापार की यह भूमि अब राज्य के खिलाड़ियों के सपनों की नई पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड के युवाओं को उच्चस्तरीय कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स मेडिसिन और इंजरी रिकवरी जैसी सुविधाओं के लिए दिल्ली या विदेशों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

 

उन्होंने खिलाड़ियों से कहा—“सरकार ने मंच तैयार कर दिया है, अब खिलाड़ी अपने पसीने और प्रतिभा से दुनिया में तिरंगा फहराएं।”

 

खिलाड़ियों को सम्मान, खातों में पहुंची प्रोत्साहन राशि

 

समारोह में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की गई। ‘मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना’ के चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति दी गई। वहीं वर्ष 2024-25 के देवभूमि खेल रत्न और देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार से उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

 

150 छात्र बने ऐतिहासिक पहले बैच का हिस्सा

 

शिलान्यास समारोह से पहले खेल मंत्री रेखा आर्या ने विश्वविद्यालय के प्रथम बैच के करीब 150 विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। बैचलर इन स्पोर्ट्स साइंस, बैचलर इन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग के छात्रों ने अपनी आकांक्षाएं और सुझाव साझा किए।

 

खेल मंत्री ने कहा कि आज खेल सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं हैं। बायोमैकेनिक्स, स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन, इंजरी प्रिवेंशन और स्पोर्ट्स मार्केटिंग जैसे आधुनिक विषय खेलों की दिशा बदल रहे हैं। विश्वविद्यालय में खेल वैज्ञानिकों, फिजियोथेरेपिस्टों और विशेषज्ञों की मदद से खिलाड़ियों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

 

विद्यार्थियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने आधुनिक स्पोर्ट्स साइंस लैब, एथलेटिक ट्रैक, इंडोर कॉम्प्लेक्स और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की सुविधाओं को अपने लिए सपने के सच होने जैसा बताया।

 

खेल मंत्री ने कहा कि पहला बैच सिर्फ पढ़ाई शुरू नहीं कर रहा, बल्कि उत्तराखंड के खेल इतिहास का नया अध्याय लिख रहा है।

 

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्या, मोहन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट सहित खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई