DM ललित मोहन रयाल का बड़ा आदेश: ऑरेंज अलर्ट के चलते 2 सितंबर को नैनीताल जिले में सभी स्कूल-आंगनबाड़ी बंद
भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के बीच छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत लिया फैसला
नैनीताल, 1 सितंबर 2026। मौसम विभाग द्वारा 2 सितंबर को जनपद नैनीताल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत बड़ा निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 2 सितंबर 2026 (बुधवार) को नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश रहेगा। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। लगातार बारिश के चलते नदियों, नालों एवं गधेरों में तेज जलप्रवाह और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं होंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
भास्कर न्यूज 24 | नैनीताल





