एसएसपी नैनीताल का सख्त संदेश: FIR-297/2026 पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों को चेतावनी, सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर करें भरोसा
हल्द्वानी। कोतवाली हल्द्वानी में 30 अगस्त 2026 को दर्ज FIR संख्या 297/2026 से संबंधित मामले को लेकर नैनीताल पुलिस ने आमजन से भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचनाओं से बचने की अपील की है। यह मामला दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस और हल्द्वानी की घटना से संबंधित है तथा सामाजिक एवं राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील माना जा रहा है।
एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया है कि मामले की विवेचना वर्तमान में प्रचलित है। पुलिस तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष विवेचना और एविडेंस कलेक्शन की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, विवेचनाधीन प्रकरण में किसी भी प्रकार के अनधिकृत अपडेट साझा नहीं किए जाते हैं। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भ्रामक, तथ्यहीन और मनगढ़ंत सूचनाएं प्रसारित कर जांच को प्रभावित करने तथा समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने ऐसे लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि बिना आधिकारिक पुष्टि के किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना प्रसारित न करें। ऐसा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
📢 पुलिस की जनता से अपील
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकरण से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल नैनीताल पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और अधिकृत प्रेस ब्रीफिंग पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों और दावों को आगे शेयर करने से बचें।





