नैनीताल पुलिस लाइन में भव्यता से मना श्री कृष्ण जन्मोत्सव, न्यायमूर्तियों व वरिष्ठ अधिकारियों की रही गरिमामयी मौजूदगी
स्टार नाइट में कलाकारों ने बांधा समां, पुलिसकर्मियों और बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
नैनीताल। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उल्लास और पुलिस परिवार की एकजुटता का अद्भुत संगम शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 की शाम रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में देखने को मिला। नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, नैनीताल विधायक सरिता आर्या और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अतिथियों का स्वागत पारंपरिक पुलिस गार्ड, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया।
स्टार नाइट शो ने बांधा समां
जन्माष्टमी समारोह का प्रमुख आकर्षण स्टार नाइट शो रहा। जी टीवी फेम गायिका वैशाली ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं लोकप्रिय लोक गायक नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।
अंतरराष्ट्रीय गायक विशाल प्रकाश की ऊर्जावान प्रस्तुति ने पूरे आयोजन स्थल को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। इसके अलावा दिल्ली के विशाल डांस एंड क्रू ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
नैनीताल पुलिस के जवानों और पुलिस परिवार के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। प्रस्तुतियों के दौरान पुलिस लाइन परिसर लगातार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
नैनीताल पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे एक लाख से अधिक दर्शकों ने ऑनलाइन देखा और सराहा।
कृष्ण लीलाओं पर आधारित झांकियां बनीं आकर्षण
समारोह में जनपद के विभिन्न थानों, सीपीयू, यातायात विभाग, संचार शाखा और फायर स्टेशनों के पुलिसकर्मियों ने भगवान श्री कृष्ण के जीवन और लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां तैयार कीं।
मुख्य अतिथियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी झांकियों का अवलोकन किया और पुलिसकर्मियों की रचनात्मकता, कलात्मकता और मेहनत की सराहना की।
विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समापन के बाद मध्य रात्रि के समीप श्री कृष्ण जन्मोत्सव का मुख्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. नंदिता अरकेल सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और समस्त नैनीताल पुलिस परिवार ने विधि-विधान से भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना की।
इस दौरान क्षेत्र और प्रदेश के जनकल्याण, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना करते हुए सामूहिक भजन-कीर्तन किया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
भव्य आयोजन को सफल बनाने और कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों, पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों को मुख्य अतिथियों द्वारा आकर्षक उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नैनीताल पुलिस का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ पुलिस परिवार की सामूहिक एकजुटता, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार उदाहरण बना। साथ ही, आयोजन ने पुलिस और आम जनता के बीच आपसी सौहार्द एवं जुड़ाव को भी और मजबूत किया।





