31 साल से लंबित बंदोबस्ती पर आयुक्त दीपक रावत सख्त, अफसरों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण और दो स्कूटी के एक नंबर का मामला उठा; कई शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान
हल्द्वानी, 5 सितंबर 2026। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की विभिन्न समस्याएं सुनीं। भूमि विवाद, भूमि खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी, बकाया धनराशि, राजस्व भूमि, सरकारी भूमि से अतिक्रमण, सड़क दुर्घटनाओं, अवैध अतिक्रमण और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामलों पर सुनवाई करते हुए आयुक्त ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
31 साल से लंबित बंदोबस्ती पर जताई नाराजगी
जनसुनवाई के दौरान रामनगर तहसील के ढिकुली क्षेत्र से जुड़े भूमि प्रकरण में सामने आया कि राजस्व विभाग द्वारा पिछले 31 वर्षों से बंदोबस्ती की कार्रवाई की जा रही है, जो अब तक पूरी नहीं हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने कड़ी नाराजगी जताई और अपर जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी को बंदोबस्ती की कार्रवाई तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सड़क अतिक्रमण और अनियंत्रित खनन वाहनों पर सख्ती
गौजाजाली निवासी जरीन फातिमा ने शिकायत की कि सड़क पर अतिक्रमण, अनियंत्रित तरीके से खड़े खनन वाहन और बुग्गियां तथा सड़क पर भवन निर्माण सामग्री पड़े रहने से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इसी वजह से पिछले माह एक 12 वर्षीय बच्ची की मृत्यु भी हो चुकी है।
मामले पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस क्षेत्राधिकारी और परिवहन विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क से अतिक्रमण और अनियंत्रित रूप से खड़े वाहनों व निर्माण सामग्री को हटाने के साथ नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने को कहा।
आयुक्त ने कहा कि सड़कों पर अनियंत्रित तरीके से खड़े वाहन और निर्माण सामग्री दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं, जिससे लोगों की जान तक चली जाती है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एक नंबर पर चल रही दो स्कूटी का मामला पहुंचा आयुक्त के पास
जनसुनवाई में ईशा डंगवाल ने बताया कि उन्होंने मई में शोरूम से नई स्कूटी खरीदी थी और परिवहन विभाग की ओर से उन्हें नंबर आवंटित किया गया। बाद में उनकी स्कूटी के नंबर से दूसरी स्कूटी संचालित होने और उसका चालान उनके मोबाइल पर आने का मामला सामने आया।
आयुक्त दीपक रावत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग, पुलिस और संबंधित स्कूटी कंपनी के डीलर को मौके पर बुलाया। उन्होंने तत्काल जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि एक ही नंबर से दो स्कूटी का संचालन गंभीर मामला है और इसकी गहन जांच जरूरी है।
गौलापार में वन भूमि की खरीद-फरोख्त का मामला
अशोक सक्सेना और गोरी ने गौलापार क्षेत्र में खरीदी गई भूमि में धोखाधड़ी का मामला आयुक्त के समक्ष रखा। दोनों पक्षों को सुनने के बाद जब संबंधित भूमि वन विभाग की पाई गई तो आयुक्त ने वन विभाग को तत्काल भूमि को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, एक अन्य भूमि विवाद में आयुक्त ने बिचौलिए को भूमि स्वामी की 50 हजार रुपये की धनराशि तत्काल वापस करने के निर्देश दिए।
खटीमा भूमि प्रकरण में एक सप्ताह में समाधान के निर्देश
खटीमा निवासी सविता बिंजोला ने उनके द्वारा विक्रय की गई भूमि की धनराशि क्रेता से वापस दिलाने की मांग की। मामले में आयुक्त ने पुलिस क्षेत्राधिकारी खटीमा को प्रकरण की जांच कर एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैंक ऋण और सरफेसी कार्रवाई का मामला भी पहुंचा
हल्दूचौड़ निवासी भुवन चंद्र ने ग्रामीण बैंक से लिए गए ऋण की अदायगी और सरफेसी कार्रवाई को लेकर अपनी समस्या रखी। आयुक्त ने उप जिलाधिकारी हल्द्वानी और ग्रामीण बैंक के अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। भूमि संबंधी कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।





