SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी की रणनीति से नैनीताल में बड़ा साइबर सिंडिकेट बेनकाब, 6 गिरफ्तार; 2 किशोर संरक्षण में

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी की रणनीति से नैनीताल में बड़ा साइबर सिंडिकेट बेनकाब, 6 गिरफ्तार; 2 किशोर संरक्षण में

मुखानी में SOG, साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त छापेमारी—म्यूल बैंक खातों से करोड़ों के ट्रांजेक्शन का खुलासा, ₹1.18 लाख नकद समेत मोबाइल, लैपटॉप, 24 ATM कार्ड और 12 सिम बरामद

हल्द्वानी/नैनीताल। उत्तराखंड पुलिस के ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026’ के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी की सटीक रणनीति और निर्देशों में SOG, साइबर सेल एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखानी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राष्ट्रीय साइबर वित्तीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह म्यूल बैंक खातों और अनधिकृत ऐप के जरिए साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने का काम कर रहा था। गिरोह द्वारा महज चार महीने में 5 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

लक्ष्मण विहार कॉलोनी में आधी रात छापा

दिनांक 5/6 सितंबर 2026 की रात एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल तथा एसएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में मुखानी पुलिस, SOG और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सटीक सूचना पर लक्ष्मण विहार कॉलोनी स्थित एक मकान में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य सरगना राहुल यादव निवासी इंदौर, मध्य प्रदेश समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 2 विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया।

USDT से लेकर म्यूल अकाउंट तक—ऐसे चलता था पूरा नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी राहुल यादव Binance ऐप के जरिए नकद रकम से USDT खरीदता था। इसके बाद टेलीग्राम के माध्यम से हासिल किए गए अनधिकृत ‘UMASTER’ ऐप पर प्रतिदिन लाखों रुपये मूल्य की USDT को अतिरिक्त मुनाफे और बोनस के लालच में बेचा जाता था।

गिरोह स्थानीय युवाओं को 3 प्रतिशत कमीशन का लालच देकर उनके अथवा अन्य लोगों के बैंक खाते, ATM कार्ड, चेकबुक और पासबुक हासिल करता था। इन खातों में आने वाली संदिग्ध रकम को ATM से नकद निकालने अथवा CDM के जरिए दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर लेयरिंग की जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, खाताधारकों के सिम कार्ड तक गिरोह अपने कब्जे में रखता था, ताकि बैंक खातों के संचालन पर उनका नियंत्रण बना रहे।

6 आरोपी गिरफ्तार, 2 किशोर संरक्षण में

गिरफ्तार आरोपियों में—

– राहुल यादव (30) निवासी इंदौर, मध्य प्रदेश — गैंग लीडर/मुख्य संचालक।

– हर्षित कुमार (26) निवासी मुखानी — ATM से निकासी और CDM डिपॉजिट।

– कमल गोस्वामी (21) निवासी मुक्तेश्वर — कमीशन पर म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाला।

– साहिल कुमार (21) निवासी बागेश्वर, हाल दमुवाढुंगा — म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाला।

– मौ. अयान (20) निवासी भोजपुर, मुरादाबाद — इन्वेस्टर।

– मौ. शुभान (24) निवासी सम्भल, उत्तर प्रदेश — इन्वेस्टर।

इसके अलावा दो वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

₹1.18 लाख कैश और डिजिटल सामान का जखीरा बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—

– ₹1,18,800 नकद

– 01 Dell लैपटॉप

– 01 Apple iPad

– 11 स्मार्टफोन, जिनमें iPhone 17 Pro, iPhone 14 Pro, Samsung Galaxy S24, S22 Ultra आदि शामिल हैं

– 24 सक्रिय ATM/डेबिट कार्ड

– 12 एक्टिव सिम कार्ड

– 06 चेकबुक

– 04 पासबुक

– 16 बैंक जमा/CDM पर्चियां

बरामद की हैं।

IT Act और BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज

मामले में कोतवाली मुखानी में मु0अ0सं0 141/2026 के तहत धारा 66(C), 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा 3(5), 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

दो विधि-विवादित किशोरों को बाल कल्याण पुलिस अधिकारी के संरक्षण में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस टीम को ₹2,500 का इनाम

साइबर सिंडिकेट का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने ₹2,500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

नैनीताल पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को कमीशन या पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, ATM कार्ड, पासबुक अथवा चेकबुक इस्तेमाल के लिए न दें। साइबर अपराध में बैंक खाते के इस्तेमाल पाए जाने पर खाताधारक के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि अथवा साइबर ठगी की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई