SIR-2026: बारिश से छूटी सुनवाई के लिए 10-11 सितंबर तक मिलेगा अतिरिक्त अवसर, 15 सितंबर को होगा अंतिम प्रकाशन
हल्द्वानी, 7 सितंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सोमवार को तहसील हल्द्वानी स्थित एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से जुड़े तथा निर्वाचन अधिकारियों ने उनकी समस्याओं और सवालों का निस्तारण किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि राजनीतिक दलों के साथ प्रत्येक सोमवार को साप्ताहिक बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में ERO सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे और प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान किया गया।
बारिश के कारण अनुपस्थित मतदाताओं को मिलेगा अतिरिक्त अवसर
बैठक में राजनीतिक दलों की ओर से बारिश के कारण SIR की हियरिंग प्रभावित होने और कुछ मतदाताओं के सुनवाई में अनुपस्थित रहने का मुद्दा उठाया गया। इस पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 6, 7 और 8 सितंबर की हियरिंग में शामिल नहीं हो पाए मतदाता संबंधित बूथ पर पहुंचकर अपनी बात रख सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 9 सितंबर तक हियरिंग निर्धारित है। इसके बाद 10 और 11 सितंबर को भी ऐसे मतदाताओं को अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा, जो निर्धारित तिथियों में उपस्थित नहीं हो पाए हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्तर से हियरिंग की निर्धारित तिथि बढ़ाने की आवश्यकता नहीं है और फिलहाल हियरिंग सुचारू रूप से चल रही है।
2.35 लाख नोटिसों पर 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार जनपद में कुल 6,93,325 मतदाताओं में से 2,35,000 नोटिस जारी किए गए थे। इन नोटिसों पर 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी की जा चुकी है। SIR-2026 का अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित ARO (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) को अवगत कराएं। किसी भी समस्या की स्थिति में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, उप जिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित कांग्रेस से मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रशांत जोशी, संजू उप्रेती, भाजपा से दिनेश खुलवे, बहादुर सिंह नगदली, प्रकाश पटवाल तथा बसपा से हरिश चंद सिनोली समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।




