मुख्यमंत्री धामी ने दी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि, बोले—असमय जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

मुख्यमंत्री धामी ने दी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि, बोले—असमय जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति

 

मीडिया सेंटर हल्द्वानी में आयोजित शोक सभा को दूरभाष के माध्यम से किया संबोधित, नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्व. जोशी के नाम पर रखने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन

 

हल्द्वानी, 14 सितंबर 2026। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर मीडिया सेंटर हल्द्वानी में आयोजित शोक सभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से जुड़कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय जोशी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “ऐसा कभी सोचा भी नहीं था कि इस तरह श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। गिरिजा शंकर जोशी जी हर समय खड़े रहने वाले और निरंतर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुःखद है। मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत आहत हूं।”

 

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का असमय निधन हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने कार्यों, व्यवहार और समर्पण से जो पहचान बनाई, वह सदैव स्मरण में रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जोशी भले ही इस संसार से चले गए हैं, लेकिन उनकी यादें और अच्छे कार्य आने वाले समय में भी लोगों को प्रेरणा देते रहेंगे।

 

सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी : मुख्यमंत्री

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का नाम और उनके कार्य आने वाले समय में भी स्मरणीय रहें, इसके लिए सभी से चर्चा कर आवश्यक कार्य किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

 

नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्व. गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव

 

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित पत्रकारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष सामूहिक रूप से प्रस्ताव रखा कि हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नामकरण स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर किया जाए।

 

पत्रकारों के इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि स्वर्गीय जोशी जी की स्मृतियों और उनके अच्छे कार्यों को आने वाले समय में भी स्मरणीय बनाए रखने के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने सभी की सहमति से आवश्यक कार्यवाही किए जाने की बात कही।

 

अधिकारियों और पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि

 

शोक सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित समस्त पत्रकारगण, सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

सभी ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

 

भास्करन न्यूज24 | हल्द्वानी सम्पादक  हरीश भाकुनी

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई