MBPG कॉलेज हल्द्वानी में लिंगदोह कमेटी की बैठक, छात्रसंघ चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों को सख्त निर्देश
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक, नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी
हल्द्वानी। आगामी छात्रसंघ निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में लिंगदोह कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल ने की। इसमें पुलिस, प्रशासन, कॉलेज प्रशासन एवं छात्रसंघ चुनाव में विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशों के क्रम में सभी संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी के निर्धारित नियमों एवं विश्वविद्यालय द्वारा जारी संविधान की निर्देशिका का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नियमों का भली-भांति अध्ययन कर उसके अनुरूप ही चुनाव प्रचार एवं आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर जारी किए गए प्रमुख निर्देश
बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित: कॉलेज में अध्ययनरत नहीं होने वाले बाहरी व्यक्तियों का कॉलेज परिसर में प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा।
बिना पहचान पत्र प्रवेश नहीं: कॉलेज के छात्र-छात्राएं बिना पहचान पत्र के परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
प्रचार-प्रसार के लिए अनुमति अनिवार्य: कॉलेज परिसर के भीतर किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार अथवा कार्यक्रम आयोजित करने से पूर्व कॉलेज प्रशासन से कम से कम एक दिन पहले अनुमति प्राप्त करनी होगी।
प्रिंटेड पोस्टर पर प्रतिबंध: कैंपस अथवा उसके बाहर किसी भी प्रकार के प्रिंटेड पोस्टर नहीं लगाए जाएंगे। प्रचार-प्रसार के लिए केवल हाथ से बनाए गए पोस्टर एवं पम्पलेट का ही उपयोग किया जा सकेगा।
रैली आयोजन पर रोक: कॉलेज परिसर की सड़क से बाहर किसी भी प्रकार की रैली आदि का आयोजन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
रात्रि में प्रचार करने पर कार्रवाई: रात के समय कॉलेज परिसर में घूमने अथवा प्रचार-प्रसार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कृत्य को छात्र के बजाय आम नागरिक का कृत्य मानकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संभावित प्रत्याशियों को वितरित की गई निर्देशिका
बैठक के दौरान सभी उपस्थित संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी के नियमों एवं विश्वविद्यालय द्वारा जारी संविधान की निर्देशिका वितरित की गई। प्रत्याशियों से निर्देशिका प्राप्त करने के संबंध में हस्ताक्षर भी करवाए गए। अधिकारियों ने सभी प्रत्याशियों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान अनुशासन बनाए रखने एवं निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।
ये रहे मौजूद
बैठक में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.बी. बाजपेयी, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, एमबीपीजी कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह बनकोटी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रौतेला, डॉ. मनीषा तिवारी, छात्रसंघ प्रभारी डॉ. एल.एम. पांडे, डॉ. एस.के. श्रीवास्तव, डॉ. एच.एस. भाकुनी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, चौकी प्रभारी भोटिया पड़ाव कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक अभिसूचना मनोज कुमार सहित छात्रसंघ चुनाव में विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी छात्र मौजूद रहे।




