ज्योलिकोट में जल जनित बीमारियों से बचाव कार्यों का सांसद अजय भट्ट ने लिया जायजा, पीड़ित परिवारों से मिले
विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण; बोले—जांच में दोषी पाए गए लोगों को बख्शा नहीं जाएगा
नैनीताल। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने मंगलवार को ज्योलिकोट क्षेत्र में जल जनित बीमारियों के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित बचाव एवं उपचार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार, जांच, दवाओं तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों के उपचार, जांच और दवाओं की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, बेहतर उपचार पर जोर
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि ज्योलिकोट क्षेत्र में जल जनित बीमारियों की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दिल्ली के साथ ही नैनीताल जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी तैनाती की गई है, ताकि प्रभावित लोगों को तत्काल और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति, उपचार व्यवस्था और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
मृतकों के परिजनों से मिलकर जताया दुख
सांसद अजय भट्ट ने जल जनित बीमारियों की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से प्रभावित परिवारों के साथ सरकार खड़ी है। प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
जांच में दोषी पाए गए लोगों पर होगी कार्रवाई
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है और संबंधित विभागों की जांच जारी है। यदि जांच में किसी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की पहली प्राथमिकता बीमार हुए लोगों को त्वरित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। साथ ही घटना के कारणों की जांच कर जिम्मेदारी तय करना भी आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर लगातार निगरानी
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से भी भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था बनाने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थिति को जल्द सामान्य करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर नैनीताल विधायक श्रीमती सरिता आर्या, भीमताल ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, जिला मंत्री पुष्कर जोशी, ग्राम प्रधान हरगोबिंद रावत एवं कैलाश जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
—
भास्कर न्यूज24 | नैनीताल
रिपोर्ट: हरीश भाकुनी, संपादक — भास्कर न्यूज24




