जुमे की नमाज के बाद घर लौटें मुसलमान, भीड़ का हिस्सा न बनें: बरेली में मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की अपील

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जुमे की नमाज के बाद घर लौटें मुसलमान, भीड़ का हिस्सा न बनें: बरेली में मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की अपील

फिरोज खान भास्कर टुडे
ब्यूरो रिपोर्ट-रफत आलम

बरेली। पिछले शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद “आई लव मोहम्मद” के समर्थन में जुटी भीड़ और उसके बाद हुए बवाल को देखते हुए ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मुसलमानों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज पढ़कर सीधे अपने घर वापस जाएं और किसी भी सूरत में भीड़ या प्रदर्शन का हिस्सा न बनें।

मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि पिछले हफ्ते की घटना बेहद अफसोसनाक थी। इस बार किसी भी तरह का जमावड़ा या विरोध-प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि अगर कोई व्यक्ति धरना या भीड़ जुटाने के लिए बुलाए, तो वहां न जाएं।

उन्होंने मस्जिदों के इमामों से भी अपील की कि वह राजनीति से दूर रहें और अपनी मस्जिदों में अमन-चैन का पैगाम दें। इमामों से गुजारिश है कि नौजवानों को समझाएं कि किसी के बहकावे में आकर हालात खराब न करें।

मौलाना ने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम से मोहब्बत करना हर मुसलमान का ईमान है, लेकिन उनकी असल मोहब्बत उनकी शिक्षाओं पर अमल करने में है। उन्होंने कहा कि पोस्टर और बैनर लगाना सिर्फ दिखावा है, असल मोहब्बत उनके बताए रास्ते पर चलने में है।

मौलाना ने इस्लामी इतिहास का ज़िक्र करते हुए कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम ने हमेशा बातचीत और समझौते का रास्ता अपनाया। “सुलह हुदैबिया” और “मिसाके मदीना” इसके बड़े उदाहरण हैं। इसलिए आज के हालात में भी मुसलमानों को शांति और भाईचारे का रास्ता अपनाना चाहिए।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई