पूरे शहर में चलेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान: बटलर प्लाजा, कार मार्केट सहित हर जगह होगी कार्रवाई नगर आयुक्त संजीव मौर्य

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

पूरे शहर में चलेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान: बटलर प्लाजा, कार मार्केट सहित हर जगह होगी कार्रवाई नगर आयुक्त संजीव मौर्य

फिरोज खान भास्कर टुडे

नगर निगम कमिश्नर बोले – अब केवल दिखावा नहीं, सख्त और निष्पक्ष अभियान चलेगा; हर क्षेत्र में होगी समान कार्रवाई

बरेली-शहर में अतिक्रमण करने वालों के लिए अब मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। नगर निगम आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने साफ कहा है कि इस बार अतिक्रमण हटाने का अभियान महज़ औपचारिकता नहीं होगा, बल्कि पूरे बरेली में व्यापक और सख्त कार्रवाई के रूप में चलेगा।

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा “जहां-जहां अतिक्रमण होगा, वहां कार्रवाई होगी। चाहे वह बटलर प्लाजा, कार मार्केट, हिंद टॉकीज रोड, सिविल लाइंस या शहर का कोई और इलाका क्यों न हो।”

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों और फुटपाथों पर कब्जा करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बरेली की खूबसूरती और यातायात व्यवस्था को बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

“हम पूरे शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाएंगे और जहां जरूरत होगी, वहां ट्रैफिक पुलिस का सहयोग लिया जाएगा,”
उन्होंने कहा।

हिंद टॉकीज के पीछे विवाद से बढ़ी सख्ती

यह सख्ती तब आई जब हाल ही में हिंद टॉकीज के पीछे मोटर मार्केट में नगर निगम के अतिक्रमण अभियान के दौरान विवाद की स्थिति बन गई थी। निगम अधिकारियों ने कई छोटे व्यापारियों का सामान जब्त कर लिया था।

इस पर नगर निगम पार्षद राजेश अग्रवाल ने नाराजगी जताई और नगर आयुक्त से मिलकर विरोध दर्ज कराया।

राजेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण प्रभारी राजवीर सिंह और उनके सहयोगी सच्चिदानंद ने दुकानदारों से अभद्रता की और बिना वजह उनका माल जब्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम के कुछ कर्मचारी बटलर प्लाजा और कार मार्केट जैसे क्षेत्रों में अतिक्रमणकारियों से अवैध वसूली करते हैं, इसलिए वहां कार्रवाई नहीं की जाती।

राजेश अग्रवाल ने मांग की कि यदि निगम को वास्तव में शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना है तो अभियान को समान रूप से पूरे शहर में चलाना होगा।

“अब नहीं होगा पक्षपात” नगर आयुक्त

पार्षद की शिकायत के बाद नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया और कहा कि अब नगर निगम किसी भी क्षेत्र में पक्षपात नहीं करेगा।

“हर क्षेत्र में समान रूप से कार्रवाई होगी ताकि जनता का विश्वास बहाल हो,”
नगर आयुक्त ने कहा।

दुकानदारों में हलचल, संगठनों ने जताई उम्मीद

नगर आयुक्त के इस बयान के बाद शहर के बाजारों में चर्चा तेज हो गई है। कई दुकानदारों ने सड़क किनारे रखा सामान हटाना शुरू कर दिया है, जबकि कुछ व्यापारी संगठनों ने उम्मीद जताई है कि इस बार का अभियान निष्पक्ष और परिणामकारी साबित होगा।

बरेली शहर में अतिक्रमण लंबे समय से एक बड़ी समस्या बना हुआ है। सड़कों, फुटपाथों और बाजारों में अवैध कब्जों ने न केवल यातायात को प्रभावित किया है, बल्कि शहर की छवि को भी धूमिल किया है।

अब निगाहें अभियान की शुरुआत पर

नगर आयुक्त संजीव मौर्य की सख्त टिप्पणी और पार्षद राजेश अग्रवाल की मुखरता ने बरेली में अतिक्रमण के खिलाफ नई बहस छेड़ दी है। अब देखना यह होगा कि जब अभियान शुरू होगा, तो क्या बरेली सचमुच अतिक्रमण मुक्त बन पाएगा या यह कोशिश भी पहले की तरह कागजों तक सीमित रह जाएगी।

 

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई