लखनऊ में रिश्वतखोर दरोगा रंगे हाथों गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने 2 लाख लेते पकड़ा

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

लखनऊ में रिश्वतखोर दरोगा रंगे हाथों गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने 2 लाख लेते पकड़ा

फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/हैदर अली

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने महानगर थाने के पेपरमिल कॉलोनी चौकी में तैनात दरोगा धनंजय सिंह को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दरोगा ने यह रकम एक गैंगरेप केस में कार्रवाई करने के नाम पर मांगी थी।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति ने शिकायत की थी कि दरोगा धनंजय सिंह गैंगरेप के मामले में मदद करने के लिए उससे मोटी रकम की मांग कर रहा है। शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने जाल बिछाया। बुधवार को पीड़ित तयशुदा रकम लेकर चौकी पहुंचा और जैसे ही उसने दरोगा को 2 लाख रुपये थमाए, टीम ने मौके पर छापा मारकर उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर हड़कंप मच गया। ब्यूरो के अधिकारियों ने तुरंत दरोगा से नकदी बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल एंटी करप्शन टीम आरोपी दरोगा से पूछताछ कर रही है और उससे रिश्वतखोरी के अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

एसीबी सूत्रों के मुताबिक, जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या दरोगा ने पहले भी किसी केस में इसी तरह वसूली की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ पुलिस लाइन से भी जानकारी मांगी गई है।

लखनऊ पुलिस महकमे में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि आरोपी दरोगा के खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है और एंटी करप्शन टीम उसे अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई