हवन और गंगा आरती के साथ चौबारी मेला का शुभारंभ

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

हवन और गंगा आरती के साथ चौबारी मेला का शुभारंभ

संपादक धीरेंद्र सिंह (धीरू)

बरेली, (समर सलिल)। रामगंगा चौबारी मेला हवन-पूजन के साथ शुभारंभ हो गया। रविवार को गंगा मैया की भव्य महाआरती ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, विधायक बिथरी चैनपुर राघवेंद्र शर्मा, जिलाधिकारी अविनाश सिंह तथा पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मेला स्थल पर हवन-पूजन के बाद फीता काटकर, कबूतर और गुब्बारे उड़ाकर मेले का औपचारिक शुभारंभ किया गया। स्काउट-गाइड द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अवलोकन किया। शाम को रामगंगा तट पर आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जिन्होंने दीप जलाकर नदी की आरती की और मंगलकामनाएँ कीं।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक झूलों की नियमित सुरक्षा जांच की जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेला परिसर में गोताखोरों की तैनाती, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, साफ-सफाई और हाईमास्ट लाइट लगाने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि स्नान के समय घाटों पर सुरक्षा मानकों का पालन करें। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुखद अनुभव देना है।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, सौरभ दुबे, देश दीपक, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, एसीएम विजय कुमार, तहसीलदार सदर और मेला समिति के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई