बरेली में 3.73 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं पर कार्यवाही लंबित,

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में 3.73 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं पर कार्यवाही लंबित,

फिरोज खान/यूपी हेड
रिपोर्ट/शम्स आलम

अब तक सिर्फ 1507 नाम ही हटाए गए

बरेली। जिले में मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, बरेली की छह तहसीलों में 3.94 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान की गई थी, लेकिन अब तक केवल 1507 नाम ही सूची से हटाए जा सके हैं। यानी लगभग 3.73 लाख मतदाताओं पर कार्यवाही अब भी लंबित है। यह स्थिति तब है जब सत्यापन का काम 24 नवंबर तक पूरा होना है।

धीमी गति से चल रहा सत्यापन अभियान

मतदाता सूची से डुप्लीकेट नाम हटाने का अभियान 14 अक्तूबर से शुरू हुआ था। लेकिन बीएलओ और एसडीएम स्तर पर काम की प्रगति बेहद धीमी है। रिपोर्ट के अनुसार, आंवला और नवाबगंज तहसील में अब तक डुप्लीकेट मतदाताओं पर कोई कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है।

सभी तहसीलों में मिलाकर बीएलओ ने केवल 17,978 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं पर कार्य किया, जिनमें से 1704 मतदाताओं का विवरण एसडीएम के लॉगिन पर लंबित है।

सर्वर की समस्या बनी बाधा

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सतीश मौर्य ने बताया कि आयोग की वेबसाइट लगातार तकनीकी दिक्कतें दे रही है। सर्वर डाउन रहने के कारण डेटा फीडिंग का काम प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सर्वर सुचारू रूप से न चलने की वजह से बीएलओ समय पर रिपोर्ट अपलोड नहीं कर पा रहे हैं, जिससे अभियान की गति थम गई है।

डीएम अविनाश सिंह ने की समीक्षा, दलों से मांगा सहयोग

जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावलियों का गहन पुनरीक्षण अभियान इस उद्देश्य से चलाया जा रहा है कि कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो और कोई भी पात्र नागरिक वंचित न रहे।

डीएम ने राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की और कहा कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करें। प्रत्येक बीएलए प्रतिदिन 50 फॉर्म भरकर बीएलओ को उपलब्ध करा सकता है, ताकि सत्यापन कार्य में तेजी लाई जा सके।

94.76 प्रतिशत कार्यवाही अब भी लंबित

अब तक हुए कार्य की समीक्षा के बाद यह सामने आया है कि कुल 3.94 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं में से सिर्फ 21 हजार मामलों पर ही कार्रवाई शुरू हुई है, जबकि 94.76 प्रतिशत डुप्लीकेट मतदाताओं पर अभी भी कोई कार्य नहीं हुआ है।

निर्वाचन विभाग का कहना है कि सर्वर की समस्या जल्द दूर होने पर काम की गति बढ़ाई जाएगी ताकि तय समयसीमा में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन किया जा सके।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई