खेत में मिले मुकेश मौर्य के शव का राज़ बेनक़ाब, प्रेमिका समेत 6 पर हत्या का मुकदमा दर्ज
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
फोन पर बुलाकर की गई हत्या, पोस्टमार्टम में चोटों से खुली दर्दनाक कहानी
बरेली। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के सैंथल गांव में खेत में मुकेश मौर्य का शव मिलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुकेश की हत्या किसी हादसे में नहीं, बल्कि सोची–समझी साजिश के तहत की गई। इस सनसनीखेज हत्या में उसकी प्रेमिका नगमा समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
परिवार की तहरीर और पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन नगमा ने फोन कर मुकेश को खेत की ओर बुलाया था। पुलिस का कहना है कि वहां पहले से ही आरोपी घात लगाए मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और आरोपियों ने मिलकर मुकेश को दबोच लिया। गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी हत्या की पुष्टि कर दी है। रिपोर्ट में मुकेश के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार लिवर और फेफड़े फटे हुए मिले, कई पसलियां टूटी थीं, जिससे साफ है कि उसे बेरहमी से पीटा गया था। गला दबाए जाने के स्पष्ट संकेत भी मिले हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस टीमें नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। जांच अधिकारी का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर घटना की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा।
परिवार ने न्याय की मांग करते हुए आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की अपील की है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न एंगल से जांच कर रही है।


