कैफे में दबंगई: पिज्जा खाने पहुंचे युवक-युवती से अभद्रता, जान बचाने को खिड़की से कूदे; दोनों गंभीर घायल

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

कैफे में दबंगई: पिज्जा खाने पहुंचे युवक-युवती से अभद्रता, जान बचाने को खिड़की से कूदे; दोनों गंभीर घायल

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

शाहजहांपुर।

शहर के थाना कांट क्षेत्र स्थित एक कैफे में शनिवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब पिज्जा खाने पहुंचे एक युवक और उसकी महिला मित्र के साथ कुछ दबंग युवकों ने जमकर बदसलूकी की। खुद को किसी संगठन से जुड़ा बताने वाले सात-आठ युवक कैफे में घुस आए, वीडियो बनाना शुरू कर दिया और पहचान पत्र मांगते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे।

घटना पुवायां क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के अनुसार, वह शनिवार करीब साढ़े तीन बजे अपनी महिला मित्र के साथ कैफे पहुंचा था। पिज्जा उपलब्ध न होने पर दोनों ने मैगी का ऑर्डर दिया ही था कि तभी कुछ युवक अंदर घुस आए और बेवजह सवाल-जवाब शुरू कर दिया। आरोप है कि बिना किसी कारण युवक-युवती का वीडियो बनाया गया, जिससे महिला बुरी तरह घबरा गई।

डर के माहौल में खिड़की से लगाई छलांग

आरोपियों की हरकतों से भयभीत होकर महिला ने जान बचाने के लिए कैफे की खिड़की से छलांग लगा दी। उसे बचाने के प्रयास में युवक भी पीछे-पीछे कूद गया। खिड़की से गिरने के कारण दोनों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया।

तीन नामजद, कई अज्ञात पर मुकदमा

पीड़ित युवक की तहरीर पर पुलिस ने प्रवेश, सोनू और हर्षित समेत चार-पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना कांट प्रभारी राकेश मौर्या ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिनदहाड़े कैफे में हुई इस घटना से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों में आक्रोश है और आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई