24 घंटे में प्रेमनगर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, राहुल गोलीकांड के आरोपी मुठभेड़ के बाद धराए
रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में आईटीआई छात्र राहुल को गोली मारकर घायल करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज़ 24 घंटे में खुलासा कर दिया। तेज़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिससे इलाके में राहत और सुरक्षा का माहौल बन गया है।
जानकारी के मुताबिक, मामूली विवाद के बाद आरोपी उदय ठाकुर और मनोज भास्कर ने घर के बाहर टहल रहे राहुल पर फायरिंग कर दी थी। घटना के बाद प्रेमनगर पुलिस तुरंत हरकत में आई और लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश शुरू की।
आरपीएफ बैरक के पास मुठभेड़, उदय के पैर में लगी गोली
पुलिस को आरपीएफ बैरक के पास आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली, जहां घेराबंदी के दौरान मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी उदय ठाकुर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हथियार, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 तमंचे, 5 कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि इन्हीं हथियारों से राहुल पर फायरिंग की गई थी।
पुलिस का गुडवर्क, अपराधियों पर कसा शिकंजा
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद प्रेमनगर पुलिस की तत्परता और सख्ती से पूरे मामले का तेजी से खुलासा हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस की इस तेज़ और प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने जमकर सराहना की है और कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा जताया है।


