पंचायत में खूनी खेल: दामाद ने सास और साले को चाकू से मार डाला, पत्नी गंभीर
रिपोर्ट /राजेश सिंह
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी में सोमवार को पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत अचानक खूनी घटना में बदल गई। पंचायत के दौरान एक युवक ने चाकू से हमला कर अपनी सास और साले की हत्या कर दी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि अफसर खान का अपनी 24 वर्षीय पत्नी शायमा से काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए सोमवार को गांव में दोनों पक्षों के लोगों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसी बीच अफसर खान गुस्से में आ गया और अपने पास रखा चाकू निकालकर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पंचायत में मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसने ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमले में उसकी 45 वर्षीय सास आसमा और 19 वर्षीय साले आदिल गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए, जबकि बीच-बचाव करने आई पत्नी शायमा भी चाकू के वार से बुरी तरह घायल हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण घायलों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आसमा और आदिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शायमा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


