बरेली में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई: एक ही परिवार के तीन तस्कर गिरफ्तार, 3.50 करोड़ की हेरोईन बरामद

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई: एक ही परिवार के तीन तस्कर गिरफ्तार, 3.50 करोड़ की हेरोईन बरामद

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

भमोरा क्षेत्र में देवचरा-दातागंज रोड पर दबिश, पिता और दो बेटों से नकदी व मोबाइल भी जब्त

 

बरेली। एएनटीएफ यूनिट बरेली और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के तीन सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.750 किलोग्राम हेरोईन/स्मैक, 950 ग्राम स्मैक बनाने में इस्तेमाल होने वाला रंग, 87,520 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.50 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने यह कार्रवाई भमोरा थाना क्षेत्र में देवचरा-दातागंज रोड स्थित तख्तपुर मोड़ के पास की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बदायूं जिले के बिनावर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी परमानंद उर्फ पप्पू और उसके दो बेटे यशवीर तथा रविंद्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी मादक पदार्थ की खेप लेकर सप्लाई के लिए जा रहे थे, तभी टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

पिता ने बेटों को भी बनाया तस्करी में साझेदार

पूछताछ में आरोपी परमानंद ने बताया कि उसके पिता के नाम पहले अफीम की खेती का लाइसेंस था। उसी दौरान उसने अफीम से क्रूड और क्रूड से स्मैक बनाने का तरीका सीख लिया। पुलिस के मुताबिक वह वर्ष 2012 से अवैध रूप से स्मैक बनाकर बेच रहा था और इसकी सप्लाई दिल्ली समेत कई जिलों में करता था। बाद में उसने इस अवैध कारोबार में अपने दोनों बेटों को भी शामिल कर लिया और तीनों मिलकर तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे।

मोबाइल डिटेल से खंगाला जाएगा नेटवर्क

पुलिस ने आरोपियों के पास से मिले मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों को कब्जे में लेकर उनकी कॉल डिटेल और संपर्कों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि नशे की खेप कहां तैयार होती थी और किन-किन जिलों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।

एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुआ मुकदमा

इस मामले में भमोरा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि बरामदगी और पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

यह कार्रवाई एएनटीएफ यूनिट बरेली के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में की गई। टीम में हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल सौरभ चौधरी, अंकित यादव, कुश कुमार, विनीत कुमार, रसविंद्र चौधरी और महिला कांस्टेबल छाया शामिल रहीं। भमोरा थाने से उपनिरीक्षक हीरेंद्र चौधरी और कांस्टेबल मुस्तफा ने सहयोग किया, जबकि सर्विलांस टीम में मुख्य आरक्षी अजय कुमार समेत एएनटीएफ मुख्यालय लखनऊ की टीम भी शामिल रही।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई