बरेली की अवंतिका सिंह बनीं कॉमर्शियल टैक्स अधिकारी, PCS-2024 में 106वीं रैंक हासिल
रिपोर्ट राजेश सिंह
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बिसौली की प्रिंसिपल हैं अवंतिका, परिवार में पहले से न्यायिक और प्रशासनिक सेवाओं की मजबूत पृष्ठभूमि
बरेली की अवंतिका सिंह ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की प्रतिष्ठित पीसीएस-2024 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने परीक्षा में 106वीं रैंक प्राप्त करते हुए कॉमर्शियल टैक्स अधिकारी (Commercial Tax Officer) के पद पर चयनित होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
वर्तमान में अवंतिका सिंह बदायूं जिले के बिसौली स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। लोगों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
अवंतिका सिंह का परिवार भी शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ा रहा है। उनके पिता काली चरन सिंह बरेली में स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी बड़ी बहन हरदोई में सिविल जज के पद पर तैनात हैं। ऐसे माहौल में पली-बढ़ीं अवंतिका को शुरू से ही पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरणा मिलती रही।
उन्होंने अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा गाजियाबाद से पूरी की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से गणित विषय में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
अवंतिका सिंह की सफलता पर परिवारजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई दी है। उनकी उपलब्धि से युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति नई प्रेरणा और उत्साह देखने को मिल रहा है।


