बरेली में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: औचक निरीक्षण में बिना पंजीकरण का अल्ट्रासाउंड सेंटर सील, कई केंद्रों को चेतावनी
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली।जिला अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर 3 अप्रैल को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालकों में हड़कंप मच गया और कई स्थानों पर संचालक दस्तावेजों को व्यवस्थित करते नजर आए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की। कुंडरा कोठी स्थित मन्नत अल्ट्रासाउंड और जीवन ज्योति अल्ट्रासाउंड के साथ रिछा क्षेत्र में स्थित हर्ष कला अल्ट्रासाउंड सेंटर का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा बहेड़ी क्षेत्र में भी विशेष अभियान चलाया गया, जहां ग्लोबल अल्ट्रासाउंड, हिंद अल्ट्रासाउंड, यूनिक अल्ट्रासाउंड, मैक्स अल्ट्रासाउंड, लाइफ लाइन अल्ट्रासाउंड, अरोरा अल्ट्रासाउंड, नियाजी अल्ट्रासाउंड और विद्या अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान हिंद अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक अपना पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से सेंटर को सील कर दिया। अधिकारियों ने संचालक को तीन दिन के भीतर सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
जांच के दौरान मैक्स अल्ट्रासाउंड सेंटर और लाइफ लाइन अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद पाए गए। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करने की बात कही।
बाकी सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पंजीकरण दस्तावेज सही पाए गए, हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें सख्त चेतावनी दी कि वे शासन के निर्धारित नियमों और मानकों का पूरी तरह पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या जनता के साथ विश्वासघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस निरीक्षण अभियान में नोडल अधिकारी डॉ. लईक अहमद अंसारी के साथ राहुल शर्मा, राजेश कुमार और विपिन कुमार शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग ने आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रखने की बात कही है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।


