Saturday, June 20, 2026
Google search engine
HomeBareillyगन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर सपा का प्रदर्शन, पूर्व मंत्री...

गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर सपा का प्रदर्शन, पूर्व मंत्री भगवत शरण ने मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन

गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर सपा का प्रदर्शन, पूर्व मंत्री भगवत शरण ने मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन

नवाबगंज और बहेड़ी चीनी मिलों पर 210 करोड़ से ज्यादा बकाया, किसानों की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरे सपा नेता

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली में गन्ना किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री भगवत शरण के नेतृत्व में सपा नेताओं और बड़ी संख्या में किसानों ने चौकी चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर किसानों का बकाया भुगतान जल्द दिलाने और अन्य समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई।

धरने को संबोधित करते हुए भगवत शरण ने कहा कि नवाबगंज और बहेड़ी क्षेत्र के किसान वर्षों से अपने भुगतान का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिल सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी मिलों की लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता के कारण किसान आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं।

72 करोड़ और 138 करोड़ रुपये बकाया होने का दावा

ज्ञापन में बताया गया कि ओसवाल ओवरसीज लिमिटेड नवाबगंज चीनी मिल पर किसानों का करीब 72 करोड़ रुपये बकाया है। वहीं बहेड़ी चीनी मिल पर लगभग 138 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। सपा नेताओं का कहना है कि भुगतान न मिलने से किसानों के सामने खेती-किसानी से लेकर परिवार चलाने तक का संकट खड़ा हो गया है।

भगवत शरण ने कहा कि किसान कर्ज लेकर खेती कर रहे हैं, लेकिन फसल का पैसा समय पर नहीं मिलने से बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और खेती के अगले सीजन की तैयारी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बंद पड़ी नवाबगंज चीनी मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग भी उठाई।

आवारा पशुओं से परेशान किसान

धरने में किसानों ने आवारा पशुओं की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। किसानों का कहना था कि फसल बचाने के लिए उन्हें रातभर खेतों में पहरा देना पड़ रहा है। इसके बावजूद फसलें बर्बाद हो रही हैं और प्रशासन इस समस्या पर गंभीरता नहीं दिखा रहा।

राशन, गैस और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी उठे सवाल

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में राशन वितरण में भ्रष्टाचार और गरीबों से अवैध वसूली का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने रसोई गैस की अनियमित आपूर्ति पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था सुधारने की मांग की।

ज्ञापन में पेयजल योजना के तहत खुदी सड़कों की मरम्मत कराने, सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और गांवों में मृतक खातेदारों की विरासत दर्ज कराने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग भी शामिल रही।

बड़ी संख्या में पहुंचे किसान और सपा कार्यकर्ता

धरना-प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम सुल्तानी, डॉ. अनीस बेग, प्रदीप, संजीव यादव, योगेश यादव समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में किसान भी प्रदर्शन में शामिल हुए और अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments