चौपुला पुल मरम्मत कार्य का कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया निरीक्षण, जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
रिपोर्ट सत्य प्रकाश
बरेली। बदायूं रोड स्थित सुभाष नगर के मणिनाथ क्षेत्र में बने चौपुला पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य का सोमवार को कैंट विधायक Sanjeev Agarwal ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
विधायक ने क्षेत्रवासियों को पुल मरम्मत के चलते हो रही आवागमन संबंधी परेशानियों पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप तेजी से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके।
संजीव अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि पुल शहर की महत्वपूर्ण यातायात कड़ी है और इसके निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी बनाए रखने और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के पार्षद, महानगर संगठन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
विधायक ने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षित आवागमन उनकी प्राथमिकता है तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं।


