विश्व पर्यावरण दिवस पर बरेली में चला हरित अभियान, “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत हुआ पौधारोपण

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

विश्व पर्यावरण दिवस पर बरेली में चला हरित अभियान, “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत हुआ पौधारोपण

नगर निगम की पहल से डेलापीर तालाब, अक्षर विहार और पीलीभीत बाईपास क्षेत्र में लगाए गए पौधे

नगर आयुक्त ने नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण का किया आह्वान

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम बरेली की एनसीएपी (NCAP) आईईसी टीम द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान आदिनाथ अमृत सरोवर (डेलापीर तालाब), अक्षर विहार तथा पीलीभीत बाईपास रोड स्थित रीजनल कॉलेज के समीप संचालित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों को हरित भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन एनसीएपी प्रोजेक्ट मैनेजर मानसी गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में नगर आयुक्त संजीव मौर्य उपस्थित रहे। उनके साथ अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, पार्षद शशि सक्सेना, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु प्रकाश, सहायक अभियंता मूल चंद सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण और वृक्षों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने लोगों से अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बरेली को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने का संकल्प लिया। साथ ही यह संदेश दिया गया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी समाज को मिलकर निभानी होगी। नगर निगम की इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा और भविष्य में भी ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई