डीएम अविनाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का शुभारंभ, स्पोर्ट्स स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

डीएम अविनाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का शुभारंभ, स्पोर्ट्स स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम, बरेली में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, जनपद स्तरीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान पूरे स्टेडियम में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। अधिकारियों और नागरिकों ने एक साथ योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में योग को नियमित रूप से शामिल करने की अपील की और कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक विकास का भी माध्यम है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति का समग्र विकास संभव होता है। इस दौरान ‘फिट इंडिया’ अभियान के तहत स्वस्थ, सक्रिय और जागरूक जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया।

अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठन, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में जनपदवासी मौजूद रहे। पूरे सप्ताह जिले में योग से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनका समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह के साथ होगा।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई