जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: सेवा पखवाड़ा बना जनसमस्याओं के समाधान का सशक्त मंच

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

*जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: सेवा पखवाड़ा बना जनसमस्याओं के समाधान का सशक्त मंच

सहसंपादक हरीश भाकुनी

*रामनगर में स्वास्थ्य एवं सहायता शिविर में 27 विभाग एक मंच पर, मौके पर हुआ जनसमस्याओं का समाधान, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से किया गया लाभान्वित*

रामनगर/नैनीताल, ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा लगातार आमजन के लिए राहत और विश्वास का माध्यम बनता जा रहा है। अभियान के तीसरे दिन सोमवार को विकासखंड सभागार, रामनगर में स्वास्थ्य एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया, जहां एक ही परिसर में 27 विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक दीवान सिंह बिष्ट एवं ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने संयुक्त रूप से किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

 

*अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता*

इस अवसर पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों से जनहित के मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

 

*अपर जिलाधिकारी ने शिविर में लगाया न्यायालय, वर्षों पुराने तीन मामलों का मौके पर निस्तारण*

शिविर की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जनसमस्या समाधान शिविर को सेवा और संवेदनशीलता का माध्यम बनाते हुए अधिकतम शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन नियमों की जटिलताओं से परिचित नहीं होता, इसलिए उनकी समस्याओं को सरलता एवं सहानुभूति के साथ सुनकर नियमानुसार समाधान करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने एक सराहनीय पहल करते हुए वर्ष 2016 एवं 2018 से न्यायालय में लंबित तीन प्रकरणों की सुनवाई शिविर स्थल पर ही न्यायालय लगाकर की तथा तीनों मामलों का विधिसम्मत निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया। यह पहल शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में रही।

 

*53 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर समाधान*

शिविर में कुल 53 शिकायतें एवं जनसमस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

भूमि विवाद, सड़कों की मरम्मत, जल निकासी, विरासत, पेयजल, अवैध अतिक्रमण तथा सिंचाई विभाग से संबंधित विभिन्न मामलों में अधिकारियों ने मौके पर सुनवाई कर आवश्यक निर्देश जारी किए। अवैध अतिक्रमण एवं झूठे शपथ पत्रों के आधार पर सरकारी अनुमति प्राप्त करने जैसे मामलों में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

*15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण*

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर में 15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा महिला कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी लाभार्थियों को प्रदान की गई।

 

*27 विभागों ने एक मंच पर दी जनसेवाएं*

शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, पेयजल, कृषि सहित 27 विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया तथा पात्र नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। अधिकारियों ने मौके पर आवेदन भी स्वीकार किए तथा विभागीय समस्याओं का समाधान किया।

 

*लोक संस्कृति के माध्यम से पहुंचा योजनाओं का संदेश*

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत पार्वतीय महिला ग्राम विकास समिति वृहद सांस्कृतिक दल, रामनगर द्वारा लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी जनजागरूकता संदेश दिया गया। जिला सूचना विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री का भी वितरण किया गया।

जनसेवा को नई दिशा दे रहा है सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाना है।

 

*”जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा इसी संकल्प का सशक्त उदाहरण है, जहां शासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। यह अभियान सुशासन, जवाबदेही और जनविश्वास को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रहा है।*

 

कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा,ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पांडे, तहसीलदार मनीषा मकराना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई