हल्द्वानी में CM धामी का व्यापारियों से संवाद, बोले—“आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

हल्द्वानी में CM धामी का व्यापारियों से संवाद, बोले—“आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है”

व्यापारियों ने जीएसटी, मंडी शुल्क, पार्किंग, अतिक्रमण और औद्योगिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं; मुख्यमंत्री ने समाधान का दिया भरोसा

हल्द्वानी, 29 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम के बाद आईटीसी फॉर्च्यून, हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने जीएसटी प्रक्रियाओं को सरल बनाने, मंडी शुल्क, अतिक्रमण एवं पार्किंग की समस्या, लीज नवीनीकरण, औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय उत्पादों के लिए बेहतर बाजार तथा युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन देने सहित कई मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे।

व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ : CM धामी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि व्यापारी और उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्यमी तक हर व्यापारी उत्तराखंड की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार है। सरकार व्यापारियों एवं उद्यमियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और राज्य में सुरक्षित, पारदर्शी एवं सरल व्यावसायिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कोविड काल का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण समय में किराना और रिटेल व्यापारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों तक राशन और आवश्यक वस्तुएं पहुंचाईं। संकट के समय व्यापारी वर्ग ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका साबित की। उन्होंने व्यापारियों को “ब्रांड इंडिया” का सच्चा राजदूत भी बताया।

29 हजार से अधिक नई MSME इकाइयां स्थापित

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और सरल बनाने की दिशा में काम कर रही है। निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था तथा सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है। वर्तमान में 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं सिंगल विंडो पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। सरकार का उद्देश्य है कि शासन उद्योगों के लिए बाधा नहीं, बल्कि सहयोगी और भागीदार बने।

युवा उद्यमिता और स्टार्टअप पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से राज्य में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। इसके साथ ही 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड भी स्थापित किया गया है। सरकार चाहती है कि पर्वतीय क्षेत्रों के युवा अपने गांव में रहकर भी देश-दुनिया के बाजार के लिए कारोबार खड़ा कर सकें।

उन्होंने कहा कि चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिन्हित की गई है। हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है, जबकि भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

‘मेड इन उत्तराखंड’ को वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य

CM धामी ने कहा कि उत्तराखंड का औद्योगिक विकास केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। गांवों के उत्पाद, शिल्पकार, किसान, छोटे व्यापारी और स्थानीय उद्यमी भी प्रदेश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट’ जैसी पहलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को बड़े बाजारों से जोड़ने की बात कही। सरकार का लक्ष्य है कि ‘मेड इन उत्तराखंड’ गुणवत्ता और विश्वास के साथ देश-दुनिया में मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित हो।

“आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है”

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों से प्रदेश में निवेश और व्यापारिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है।”

उन्होंने कहा कि व्यापार की प्रगति में ही प्रदेश की प्रगति निहित है। सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक व्यापारी को सुरक्षित वातावरण, पारदर्शी व्यवस्था, सरल प्रक्रियाएं और बेहतर निवेश के अवसर उपलब्ध कराना है। व्यापार एवं उद्योग जगत के सहयोग से विकसित उत्तराखंड का संकल्प साकार होगा और राज्य विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद नैनीताल-ऊधमसिंह नगर अजय भट्ट, श्री राम सिंह कैड़ा, उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी नवीन लाल वर्मा, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, शंकर कोरंगा, हुकुम सिंह कुंवर, व्यापार एवं उद्योग प्रतिनिधियों में कश्मीरी लाल गोयल, नीरज शारदा, विनय लोहाटी, राधेराम अग्रवाल, साकेत अग्रवाल, दीपक माहेश्वरी, गौरव गोयल, जूही गोयल, नवीन अग्रवाल और राजाराम अग्रवाल मौजूद रहे।

इसके अलावा जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे सहित जीएसटी, उद्योग, सिडकुल और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अपर सचिव मनमोहन मैनाली ने किया।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई