अत्यधिक बारिश के बीच एसएसपी नैनीताल का गौला पुलों पर निरीक्षण, पुलिस-एसडीआरएफ को अलर्ट रहने के निर्देश
हल्द्वानी। पहाड़ों में लगातार हो रही अत्यधिक वर्षा के चलते गौला नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित खतरे को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बुधवार को काठगोदाम स्थित गौला पुल एवं बनभूलपुरा स्थित गौला पुल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को नदी के आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और स्थानीय लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए पुलिस एवं आपदा राहत टीमें पूरी तरह तैयार रहें।
पुलिस और एसडीआरएफ को तैयार रहने के निर्देश
एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा एवं काठगोदाम को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही थाने के पुलिस बल, आपदा प्रबंधन टीम एवं एसडीआरएफ को आवश्यक आपदा उपकरणों के साथ पूरी तैयारी की स्थिति में रहने को कहा गया है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अनावश्यक रूप से किसी भी व्यक्ति को गौला नदी या पुल के आसपास जाने न दिया जाए, ताकि जान-माल के नुकसान की स्थिति उत्पन्न न हो।
नदी-नालों के तेज बहाव से दूर रहने की अपील
एसएसपी ने जनपद के सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से नदी-नालों और सड़कों पर तेज बहाव के साथ पानी आने की स्थिति में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।
पुलिस ने लोगों को हिदायत दी है कि तेज बहाव वाले पानी के बीच से किसी भी वाहन अथवा मोटरसाइकिल को पार करने का प्रयास न करें। ऐसे स्थानों पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
नैनीताल पुलिस की ओर से कहा गया है कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा राहत टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, नदी-नालों के आसपास जाने से बचें और मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा न करें।





