‘हनुमान अंश’ फिल्म की युवा प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर ने किए कैंची धाम के दर्शन, बाबा नीम करौली महाराज का लिया आशीर्वाद
नैनीताल पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना, SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी से की शिष्टाचार भेंट; प्रोड्यूसर व सहयोगियों का हुआ सम्मान
नैनीताल। देश-विदेश में चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की युवा प्रोड्यूसर एवं 21 वर्षीय अनूप्रिया नागर ने रविवार को विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कार्तिक पालीवाल सहित उनके परिजन एवं सहयोगी भी मौजूद रहे।
कैंची धाम पहुंचीं अनूप्रिया नागर ने बाबा नीम करौली महाराज की आध्यात्मिक महिमा एवं धाम की धार्मिक महत्ता का बखान करते हुए अपनी श्रद्धा एवं आस्था व्यक्त की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस एवं उत्तराखंड पुलिस द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की।
SSP नैनीताल से की शिष्टाचार भेंट
दर्शन के उपरांत फिल्म प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता और देश-विदेश में दर्शकों के बीच मिल रही लोकप्रियता के संबंध में जानकारी साझा की।
उन्होंने फिल्म की विषयवस्तु एवं उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था, संस्कार और बाबा नीम करौली महाराज की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
SSP ने शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
इस अवसर पर SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने फिल्म प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर, उनके परिवारजनों एवं सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर तथा मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने फिल्म की सफलता और अनूप्रिया नागर के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि श्री कैंची धाम देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। बाबा नीम करौली महाराज का आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे। उन्होंने कहा कि बाबा की पावन भूमि कैंची धाम में आकर दर्शन करना स्वयं में सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना नैनीताल पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए लगातार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
भास्कर न्यूज24 | नैनीताल





