राज्यमंत्री भावना मेहरा ने किया पांडेय ऑर्गेनिक स्टोर का शुभारंभ, महिला स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा
हल्द्वानी/भीमताल। महिला सशक्तीकरण, स्थानीय उत्पादों के संरक्षण और महिला स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में रविवार को भीमताल में पांडेय ऑर्गेनिक स्टोर का शुभारंभ आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) भावना मेहरा ने किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री भावना मेहरा ने स्टोर की संचालिका श्रीमती अंजू पांडेय को इस पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को एक मंच और बाजार उपलब्ध कराना मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इस ऑर्गेनिक स्टोर की खासियत यह है कि यहां पहाड़ की पारंपरिक कृषि उपज, स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्टोर में शुद्ध हल्दी, पहाड़ी शहद, लाल चावल, कीवी स्क्वैश, मडुवे का आटा, पहाड़ी अचार, मिलेट उत्पाद, गहत, पहाड़ी राजमा, अलसी, जख्या, रिंगाल की टोकरियां और हस्तनिर्मित मोमबत्तियों सहित अनेक स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हैं।
राज्यमंत्री भावना मेहरा ने कहा कि ये उत्पाद न केवल उत्तराखंड की पारंपरिक पहचान को संरक्षित कर रहे हैं, बल्कि स्थानीय महिलाओं की मेहनत, हुनर और उद्यमशीलता को भी नई पहचान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के वोकल फॉर लोकल के आह्वान को साकार करने में ऐसी पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महिलाओं के लिए स्वरोजगार व आत्मनिर्भरता के नए अवसर सृजित होंगे।
राज्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ के उत्पादों में गुणवत्ता, परंपरा और स्थानीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान समाहित है। आवश्यकता है कि इन उत्पादों को उचित मंच और व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय महिला उद्यमियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला मंत्री प्रकाश भट्ट, मनोज जी, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष एडवोकेट मीनाक्षी भगत, परवीन पटवाल, राधा कुल्याल, भगवती सुयाल, रचना मेहरा, लता पांडेय, चंपा नयाल, प्रेमा सुयाल और हिमानी फुलारा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





