मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यक्रमों में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य, गैरहाजिरी पर होगी विभागीय कार्रवाई
हल्द्वानी। जनपद में मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति अब भारी पड़ सकती है। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि कार्यक्रमों में संबंधित अधिकारियों और उनकी टीम की उपस्थिति अनिवार्य होगी। लापरवाही या गैरहाजिरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिशासी अभियंताओं एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री और मंत्रिगणों के जनपद भ्रमण एवं विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान वे स्वयं अपनी टीम के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण कार्यक्रमों में पहुंचने वाले आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता है। इससे आम जनता को परेशानी उठानी पड़ती है और मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों द्वारा भी इस स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया जाता है।
सीडीओ ने निर्देश दिए कि भविष्य में आयोजित होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रमों में संबंधित अधिकारी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। इस दौरान जनता की ओर से प्रस्तुत की जाने वाली शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित और प्रभावी निस्तारण किया जाए।
लापरवाही पर अधिकारी होंगे स्वयं जिम्मेदार
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। भविष्य में किसी भी कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी की अनुपस्थिति या लापरवाही सामने आने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी स्वयं पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे।
भास्कर न्यूज24 | हल्द्वानी





