सांसद अजय भट्ट ने नंधौर में ईको-टूरिज्म सफारी सत्र 2026–27 का किया शुभारंभ, चोरगलिया गेट से वाहनों को दिखाई हरी झंडी

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

सांसद अजय भट्ट ने नंधौर में ईको-टूरिज्म सफारी सत्र 2026–27 का किया शुभारंभ, चोरगलिया गेट से वाहनों को दिखाई हरी झंडी

 

हल्द्वानी/चोरगलिया, 01 नवंबर 2026। नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने रविवार को हल्द्वानी वन प्रभाग अंतर्गत नंधौर वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटन सत्र 2026–27 के लिए ईको-टूरिज्म सफारी का विधिवत शुभारंभ किया। सांसद ने चोरगलिया द्वार से सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर नए पर्यटन सत्र की शुरुआत की।

इस अवसर पर गोलापार और चोरगलिया क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, पंजीकृत नेचर गाइड, सफारी वाहन संचालक तथा वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के बाद नंधौर वन्यजीव अभयारण्य के स्वागत कक्ष में आयोजित समारोह में उप प्रभागीय वनाधिकारी गणेश दत्त जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने हल्द्वानी वन प्रभाग द्वारा ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए सफारी वाहनों और नेचर गाइडों के पंजीकरण, नंधौर वन्यजीव अभयारण्य की डेडिकेटेड वेबसाइट विकसित करने, नए इकोटूरिज्म ट्रेल तैयार करने तथा क्षेत्र की पक्षी एवं जैव विविधता के दस्तावेजीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

प्रभागीय वनाधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी ने सांसद अजय भट्ट का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और नंधौर वन्यजीव अभयारण्य की समृद्ध जैव विविधता तथा संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि नंधौर क्षेत्र साल के घने वनों, विविध वनस्पतियों, वन्यजीवों, पक्षियों और तितलियों की अनेक प्रजातियों के कारण विशेष प्राकृतिक पहचान रखता है। यह क्षेत्र बाघ, हाथी, तेंदुआ, भालू, सांभर, घुरल और मोर सहित अनेक वन्यजीवों तथा दुर्लभ पक्षी प्रजातियों का महत्वपूर्ण प्राकृतिक आवास है।

सांसद अजय भट्ट ने अपने संबोधन में वन विभाग द्वारा वन एवं वन्यजीव संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नंधौर वन्यजीव अभयारण्य प्राकृतिक सौंदर्य, पक्षी विविधता और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है तथा यहां ईको-टूरिज्म के विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

उन्होंने विशेष रूप से इस वर्ष सफारी मार्गों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले पूरा किए जाने की सराहना की। सांसद ने कहा कि 01 नवंबर से सफारी सत्र शुरू होने से अधिक पर्यटक क्षेत्र में पहुंचेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

अजय भट्ट ने आश्वासन दिया कि नंधौर वन्यजीव अभयारण्य के विकास, ईको-टूरिज्म के विस्तार तथा स्थानीय युवाओं, नेचर गाइडों और सफारी वाहन संचालकों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों का संचालन पर्यावरणीय संतुलन, वन्यजीवों की सुरक्षा और अभयारण्य संरक्षण के निर्धारित नियमों के अनुरूप होना आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में सांसद अजय भट्ट एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सफारी भ्रमण कर अभयारण्य की प्राकृतिक सुंदरता, वन संपदा और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों का अवलोकन किया।

वन विभाग के अनुसार, वर्तमान में हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत 40 पंजीकृत नेचर गाइड और 21 पंजीकृत सफारी वाहन पर्यटन गतिविधियों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं, जबकि अनेक स्थानीय नागरिक और व्यवसायी अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। विभाग का उद्देश्य प्रकृति संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूत करना और नंधौर को एक प्रमुख प्रकृति एवं वन्यजीव पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम में नैनीताल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र रूख्मी, जिला पंचायत सदस्य गोलापार/चोरगलिया अर्जुन बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता पवन सिंह नेगी एवं मनोज खत्री, विभिन्न जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, नेचर गाइड, सफारी चालक, महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, स्थानीय नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि तथा वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी नंधौर लक्ष्मण सिंह महता, वन क्षेत्राधिकारी एकता जोशी और वन क्षेत्राधिकारी गोलापार जगदीश चन्द्र पंत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई