श्रद्धा जोशी ने रचा इतिहास, CBSE नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड को दिलाए दो स्वर्ण पदक

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

श्रद्धा जोशी ने रचा इतिहास, CBSE नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड को दिलाए दो स्वर्ण पदक

 

हल्द्वानी। उत्तराखंड की होनहार तैराक श्रद्धा जोशी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। सीबीएसई नेशनल गर्ल्स स्विमिंग चैंपियनशिप में सेंट थेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी की कक्षा नौ की छात्रा श्रद्धा ने 100 मीटर और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इन दोनों स्पर्धाओं में उत्तराखंड को पहली बार स्वर्ण पदक दिलाने की उपलब्धि ने उनकी सफलता को खास बना दिया है।

 

मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित प्रकाश स्विमिंग पूल में 25 से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में श्रद्धा ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में 1 मिनट 22 सेकंड तथा 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में 2 मिनट 57 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

 

श्रद्धा की इस ऐतिहासिक सफलता से उत्तराखंड के खेल जगत को बड़ी उपलब्धि मिली है। राष्ट्रीय मंच पर दो स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने साबित कर दिया कि प्रदेश की प्रतिभाएं भी देशभर में अपनी अलग पहचान बनाने का दम रखती हैं।

 

विद्यालय में हुआ सम्मान समारोह

 

श्रद्धा जोशी की इस उपलब्धि पर सेंट थेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान फादर राजेश एवं विद्यालय के शिक्षकों ने श्रद्धा को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। विद्यालय परिवार ने कहा कि श्रद्धा की मेहनत, अनुशासन और लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

मोटाहल्दू की बेटी ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

 

मोटाहल्दू निवासी शेखर जोशी की पुत्री श्रद्धा की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। छोटी उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। श्रद्धा की इस ऐतिहासिक सफलता ने हल्द्वानी के साथ पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई