धनतेरस और दीपावली पर हल्द्वानी में बदलेगा ट्रैफिक प्लान, 6 से 8 नवंबर तक भारी वाहनों की एंट्री बंद; जानिए रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था
हल्द्वानी। धनतेरस एवं दीपावली पर्व-2026 के मद्देनजर हल्द्वानी शहर में बाजारों की भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह प्लान 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। वहीं, इन तीन दिनों में सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर में सभी प्रकार के छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस के अनुसार दूध, तेल, गैस और सब्जी जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी शहर के भीतर प्रवेश के बजाय बाईपास मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। इसके साथ ही रोडवेज, सिटी, सिडकुल बसों और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
रोडवेज, सिटी और सिडकुल बसों के लिए डायवर्जन
रामपुर रोड से आने वाली बसें: टीपीनगर तिराहे से डायवर्ट होकर होंडा शोरूम तिराहा, तीनपानी गौलापार तिराहा, गौला रोड, नारीमन तिराहा काठगोदाम और तिकोनिया होते हुए नैनीताल बैंक तिराहे से रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। आवश्यकता पड़ने पर बसों को टीपीनगर तिराहे से वापस किया जाएगा।
बरेली रोड से आने वाली बसें: तीनपानी फ्लाईओवर से डायवर्ट होकर गौलापार रोड, नारीमन तिराहा, तिकोनिया और नैनीताल बैंक तिराहे होते हुए रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। जरूरत पड़ने पर इन्हें होंडा शोरूम तिराहे से वापस किया जाएगा।
कालाढूंगी रोड से आने वाली बसें: ऊंचापुल चौराहा और लालडांठ तिराहे से डायवर्ट होकर पनचक्की, हाईडिल और तिकोनिया होते हुए रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। आवश्यकता पड़ने पर बसों को लालडांठ तिराहे से वापस किया जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्र से आने वाली बसें: रोडवेज और केमू की बसें नैनीताल रोड से सीधे तिकोनिया होते हुए नैनीताल बैंक तिराहे से रोडवेज/केमू स्टेशन पहुंचेंगी। अन्य सिटी और सिडकुल बसें कॉलटैक्स व हाईडिल तिराहे से पनचक्की और चंबल पुल होते हुए ऊंचापुल/लालडांठ रोड का इस्तेमाल करेंगी।
रोडवेज स्टेशन से रामपुर और बरेली रोड की ओर जाने वाली बसें पूर्वी गेट से वर्कशॉप लाइन, तिकोनिया, नारीमन तिराहा और गौलापार रोड होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगी। कालाढूंगी रोड की बसें हाईडिल, पनचक्की, चंबल पुल और ऊंचापुल होते हुए निकलेंगी।
पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाली रोडवेज और केमू बसें नैनीताल रोड का इस्तेमाल करेंगी। वहीं, दिल्ली और अन्य स्थानों के लिए संचालित वॉल्वो बसें अपने निर्धारित स्थल से ही यात्रियों को बैठाएंगी और उतारेंगी। इन बसों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
इन स्थानों से बसों का प्रवेश प्रतिबंधित: टीपीनगर तिराहा (रामपुर रोड), होंडा शोरूम तिराहा (बरेली रोड) और लालडांठ तिराहा (कालाढूंगी रोड) से शहर की ओर रोडवेज, सिटी और सिडकुल बसों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग रूट
बरेली रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले छोटे वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से डायवर्ट होकर गौलापार रोड और नारीमन तिराहा काठगोदाम से अपने गंतव्य तक जाएंगे। अन्य छोटे वाहन गांधी इंटर कॉलेज तिराहे से एफटीआई और आईटीआई तिराहे होते हुए मुखानी चौराहे की ओर जाएंगे।
रामपुर रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन गन्ना सेंटर/शीतल होटल तिराहे से डायवर्ट होकर तीनपानी फ्लाईओवर और गौलापार रोड से नारीमन तिराहा पहुंचेंगे। अन्य वाहन आईटीआई तिराहे से डायवर्ट होकर मुखानी चौराहे की ओर जाएंगे।
कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले छोटे वाहन ऊंचापुल चौराहा/लालडांठ तिराहे से डायवर्ट होकर पनचक्की, हाईडिल और कॉलटैक्स तिराहे से नारीमन तिराहा होते हुए आगे जाएंगे। अन्य वाहन मुखानी चौराहे से डायवर्ट होंगे।
पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहन: बरेली और रामपुर रोड की ओर जाने वाले वाहन नारीमन तिराहा काठगोदाम से गौलापार रोड होते हुए तीनपानी से अपने गंतव्य तक जाएंगे। कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले वाहन कॉलटैक्स/हाईडिल तिराहे से पनचक्की, चंबल पुल और चौफला चौराहे होते हुए ऊंचापुल से निकलेंगे।
काठगोदाम से हल्द्वानी शहर आने वाले वाहन: महारानी होटल तिराहे से डायवर्ट होकर कुल्यालपुरा चौराहा और पानी की टंकी होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं, नैनीताल बैंक तिराहे से आने वाले वाहन अर्बन बैंक तिराहा और जेल रोड तिराहे का इस्तेमाल करेंगे।
बाजार क्षेत्र में छोटे-बड़े और दुपहिया वाहनों की एंट्री बंद
धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजार में भीड़ नियंत्रित करने के लिए मंगलपड़ाव, सिंधी चौराहा, सिटी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा, ओके होटल चौराहा और ताज चौराहे से बाजार क्षेत्र के अंदर किसी भी प्रकार के छोटे-बड़े और दुपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यहां होगी वाहनों की पार्किंग
पुलिस ने अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहन चालकों के लिए पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं।
– नैनीताल रोड/कालाढूंगी रोड से आने वाले दुपहिया वाहन: मिनी स्टेडियम रोड के बाईं ओर पार्क होंगे।
– नैनीताल रोड और रेलवे बाजार से मुख्य बाजार आने वाले वाहन: रामलीला मैदान और रेलवे स्टेशन में पार्क होंगे।
– कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय उत्थान मंच, हीरानगर में पार्क होंगे।
– बरेली रोड से आने वाले वाहन: लक्ष्मी शिशु मंदिर, मंगलपड़ाव में पार्क होंगे।
– रामपुर रोड से आने वाले वाहन: एचएन इंटर कॉलेज मैदान में पार्क होंगे।
– बाजार के व्यापारी: सरस बाजार पार्किंग और सिंधी स्वीट्स के पास मैजिक स्टैंड की पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे।
ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक स्टैंड भी शिफ्ट
6 से 8 नवंबर तक ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक वाहनों के संचालन स्थलों में भी बदलाव किया गया है।
– कालाढूंगी चौराहा और भोलानाथ टेंपो/ई-रिक्शा स्टैंड का संचालन जेल रोड तिराहे से होगा।
– ओके होटल के दोनों ऑटो स्टैंड बर्फ वाली गली से संचालित होंगे।
– सिंधी स्वीट्स मैजिक स्टैंड और सरगम ऑटो स्टैंड एचएन इंटर कॉलेज, रामपुर रोड से संचालित होंगे।
– मंगलपड़ाव के दोनों ऑटो स्टैंड, विक्रम और मैजिक स्टैंड लक्ष्मी शिशु मंदिर से आगे सड़क के बाईं ओर खड़े होंगे और वहीं से संचालन करेंगे।
घर से निकलने से पहले जरूर देख लें रूट प्लान
धनतेरस और दीपावली पर खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वाले लोगों को पुलिस ने निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर नहीं जाने की व्यवस्था का पालन करने की सलाह दी है। तीन दिनों तक लागू रहने वाले इस ट्रैफिक प्लान के चलते वाहन चालकों को अपने सफर की योजना पहले से बनानी होगी, ताकि बाजार की भीड़ और जाम से बचा जा सके।





