कालाढूंगी को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, 200 विद्युत पोल और मिनी स्टेडियम सहित छह विकास कार्यों की घोषणा
नारी शक्ति सम्मान समारोह में 22 महिलाओं को किया सम्मानित, महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की योजनाएं गिनाईं; बोले- मातृशक्ति के बिना उत्तराखंड की प्रगति की कल्पना संभव नहीं
कालाढूंगी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
कालाढूंगी को मिलीं छह विकास योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए निम्नलिखित घोषणाएं कीं—
1. कालाढूंगी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे।
2. ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा।
3. कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।
4. गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
5. कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
6. पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं एवं रोजगार के अवसर मिलेंगे।
नारी शक्ति का सम्मान समाज की मजबूती का आधार : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समारोह में उपस्थित माताओं और बहनों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए सम्मानित होने वाली महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उस शक्ति, साहस और संघर्ष को नमन करने का अवसर है, जिसके बल पर महिलाओं ने प्रत्येक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
संस्कृत के श्लोक ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। नारी का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसे समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और उसकी प्रतिभा को पहचान मिले।
उन्होंने कहा कि जब नारी सशक्त होगी, तभी परिवार, समाज, प्रदेश और राष्ट्र सशक्त होगा।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना ने महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान नीति निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने भी सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है।
एक दिसंबर को 5.20 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचेगी धनराशि
मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। इन समूहों को मजबूती देने के लिए आठ हजार से अधिक ग्राम संगठन और 600 से अधिक क्लस्टर स्तरीय संघ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने घोषणा की कि एक दिसंबर को 5.20 लाख बहनों के खातों में दो किस्तों में धनराशि भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अब तक करीब 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है। वहीं, उत्तराखंड में 3.50 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
हाउस ऑफ हिमालयाज से 5,500 महिलाएं जुड़ीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस पहल से लगभग 5,500 महिलाएं सीधे जुड़ी हुई हैं और ब्रांड ने अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार देने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने वाला उद्यमी बनाना है।
नंदा गौरा योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पात्र बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर भी बोले मुख्यमंत्री
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके परिवार का दुख पूरे प्रदेश का दुख है। उन्होंने कहा कि मामले में न्यायालय तीन दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुना चुका है और उच्च न्यायालय ने उनकी जमानत याचिकाएं भी खारिज की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी मांग पर राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की संस्तुति की है। उन्होंने कहा कि न्याय की प्रक्रिया में हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
22 महिलाओं को मिला सम्मान
समारोह में खेल, शिक्षा, स्वरोजगार, कृषि, उद्यान, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाली महिलाओं में संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक, निकिता सिंह, मोनी रावत, चंपा नैनवाल, ममता गुप्ता, गीतांजलि, हिना बिष्ट, नमिता, भार्गवी रावत, डौली बिष्ट और भूमिका जयंतवाल सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
इसके अतिरिक्त लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में पदमा बोहरा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से कंचन भंडारी, एंपण कला के लिए मंजू रौतेला तथा कृषि विभाग की ओर से सावित्री गर्जोला को सम्मानित किया गया।
वन विभाग की ओर से शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डौली, पूजा और रूपा को भी सम्मान प्रदान किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, भावना आर्य, मनीषा जंतवाल, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प मातृशक्ति के सहयोग और आशीर्वाद से ही पूरा होगा। उन्होंने महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का भरोसा दिलाया।





