कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने भरा स्व-गणना फॉर्म, लोगों से की ऑनलाइन जनगणना में भागीदारी की अपील
हल्द्वानी, 18 नवंबर 2026। कुमाऊँ मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने बुधवार को हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय से जनगणना के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) का ऑनलाइन फॉर्म भरकर इस अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इस अवसर पर आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि भारत सरकार की ओर से 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना का कार्य संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य और विकास की आधारशिला है। नागरिकों द्वारा दी गई सही जानकारी के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित बेहतर योजनाएं तैयार कर सकती है।
आयुक्त ने बताया कि जनगणना में अपनी जानकारी दर्ज कराने के लिए नागरिकों को प्रगणक (Enumerator) के घर आने का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है। भारत सरकार की ओर से शुरू की गई स्व-गणना सुविधा के माध्यम से लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप के जरिए अपने और अपने परिवार के सदस्यों का विवरण स्वयं भर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना प्रक्रिया से लोगों के समय की बचत होगी और वे अपनी सुविधानुसार किसी भी समय फॉर्म भर सकेंगे। स्वयं जानकारी दर्ज करने से त्रुटियों की संभावना भी कम होगी तथा दी गई जानकारियां गोपनीय रखी जाएंगी।
ऐसे भरें स्व-गणना का फॉर्म
आयुक्त ने बताया कि नागरिक भारत सरकार के जनगणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर दिए गए सभी 40 प्रश्नों की जानकारी भरकर सबमिट करने के बाद प्राप्त स्व-गणना आईडी को सुरक्षित रखना होगा। जब प्रगणक घर पहुंचे तो उन्हें केवल यह आईडी दिखानी होगी।
अंत में आयुक्त दीपक रावत ने आमजन से अपील की कि वे एक जागरूक नागरिक होने का कर्तव्य निभाते हुए स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक आज ही अपनी स्व-गणना पूरी करें और राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।





