मानव-वन्यजीव संघर्ष पर प्रशासन सख्त, नैनीताल के 109 गांव रेड जोन में चिन्हित
नैनीताल। मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद के 109 गांवों को रेड जोन में चिन्हित कर इन क्षेत्रों में चैनलिंग फेंसिंग और सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा कि पिछले वर्षों में वन्यजीव संघर्ष में कई लोगों की जान गई और कई लोग घायल हुए हैं। वहीं जंगली जानवरों से कृषि एवं बागवानी की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में लोगों की जान-माल और किसानों की फसल की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वन विभाग, कृषि और उद्यान विभाग की संयुक्त टीम ने पिछले 5 से 10 वर्षों की घटनाओं का अध्ययन कर सबसे अधिक प्रभावित गांवों को चिन्हित किया है। इन गांवों में गुणवत्तापूर्ण चैनलिंग फेंसिंग का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। साथ ही पर्याप्त संख्या में सोलर लाइट भी लगाई जा रही हैं।
इन कार्यों के लिए जिला योजना में विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा खनन न्यास से 2.5 करोड़ रुपये अतिरिक्त उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि चिन्हित गांवों में शत-प्रतिशत फेंसिंग और लाइटिंग का काम पूरा किया जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी वन्यजीवों से जान-माल का खतरा अधिक है, वहां पिंजरे, सोलर लाइट और फेंसिंग के कार्य प्राथमिकता से कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों के जीवन के साथ-साथ उनकी कृषि और बागवानी को भी सुरक्षित करना है।





