रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले नैनीताल पुलिस अलर्ट, बनभूलपुरा में भारी पुलिस बल तैनात
हल्द्वानी। रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट के अहम फैसले से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। विशेष रूप से बनभूलपुरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक पुलिस बल और विशेष सुरक्षा टीमें तैनात की गई हैं।
फैसले के बाद संभावित परिस्थितियों को देखते हुए बनभूलपुरा क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में ब्रीफ किया गया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को किसी भी स्थिति से निपटने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी कार्रवाई के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, सीएफओ गौरव किरार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती
न्यायालय के निर्णय के बाद शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। तैनाती में 2 सुपर जोन, 4 जोन, 2 एसपी, 5 सीओ, 15 इंस्पेक्टर/एसओ, 10 आईसी/ओपी, 45 एसआई/एडिशनल एसआई, 10 महिला एसआई/एडिशनल एसआई, 182 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 47 महिला हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी की 2 कंपनियां और ड्रोन की 2 टीमें भी तैनात रहेंगी।
विशेष सुरक्षा टीमों की भी तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन निगरानी की 2 विशेष टीमें, अग्निशमन विभाग की 4 यूनिट, यातायात पुलिस की 4 टीमें, बम निरोधक दस्ते की 1 टीम और हॉक पुलिस की 2 यूनिट तैनात की गई हैं। इसके साथ ही पुलिस लाइन से अतिरिक्त विशेष दस्ते, टियर गैस की 2 टीमें, एंटी रायट की 2 टीमें और फायरिंग स्क्वाड की 2 टीमें भी तैयार रखी गई हैं।
पुलिस के मुताबिक आवश्यकता पड़ने पर अन्य विशेष वाहन और संसाधन भी मौके पर लगाए जाएंगे।
ड्रोन से होगी संवेदनशील इलाकों की निगरानी
बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस द्वारा धरातलीय निगरानी के साथ हवाई निगरानी भी की जाएगी। ड्रोन के जरिए छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने, लोगों को गुमराह करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छतों पर पत्थर और मलबा जमा करने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा हिंसा या उपद्रव की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार अथवा हथियारनुमा वस्तुएं जमा किए जाने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ऐसे किसी भी प्रयास पर सख्ती से नजर रखेगी।
नैनीताल पुलिस की जनता से अपील
नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि माननीय न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखें। पुलिस ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने को कहा है।
पुलिस ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सूचनाएं प्रसारित करने, लोगों को गुमराह करने या अनर्गल एवं भड़काऊ बयानबाजी करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, कानून का सम्मान करने और जिम्मेदार नागरिक का परिचय देने की अपील की है।




