सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले बनभूलपुरा में नैनीताल पुलिस का फ्लैग मार्च, चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा
AREA DOMINATION की कार्रवाई तेज, ड्रोन-CCTV से निगरानी; SSP डॉ. मंजुनाथ टी.सी. का सख्त संदेश—शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय में होने वाली सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार AREA DOMINATION की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को बनभूलपुरा क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार चेकिंग, सत्यापन और निगरानी की जा रही है।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा
पुलिस ने रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर 17, इन्द्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इन्द्रानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा और रेलवे स्टेशन गेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।
इस दौरान पुलिस बल ने स्थानीय लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाते हुए शांति बनाए रखने की अपील की। संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और आवश्यकतानुसार प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई भी की जा रही है।
ड्रोन और CCTV से लगातार निगरानी
बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस द्वारा CCTV कैमरों और स्पेशलाइज्ड ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, PAC, एंटी राइट टीम, BDS, फायर और ड्रोन टीम को भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया है।
एसपी नैनीताल के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में तथा एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल के पर्यवेक्षण में निकाला गया।
फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार, प्रभारी निरीक्षक तल्लीताल हरपाल सिंह, थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा सहित थाना पुलिस बल, PAC, एंटी राइट, BDS, फायर और ड्रोन टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
SSP की क्षेत्रवासियों से अपील
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने क्षेत्रवासियों से माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह को फैलाने से बचने को कहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली भ्रामक, तथ्यहीन या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट एवं टिप्पणियों से बचने की अपील की गई है। पुलिस के अनुसार ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस का संदेश साफ है—शांति बनाए रखें, अफवाहों से बचें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।





