बरेली के विकास अरोरा के निर्देशन में बनी हिंदी फीचर फिल्म “ना जाने कौन आ गया..” आज देशभर में रिलीज
रिपोर्ट सत्य प्रकाश 
बरेली।अपने शहर बरेली की प्रतिभाएं लगातार मायानगरी मुंबई में अपनी पहचान बना रही हैं। अभिनय से लेकर फिल्म निर्माण तक बरेली के कलाकारों ने समय-समय पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसी कड़ी में अब शहर के होनहार विकास अरोरा ने फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
बरेली के वीर सावरकर नगर निवासी विकास अरोरा लंबे समय से थिएटर जगत से जुड़े रहे हैं। करीब 20 वर्षों तक एडिटिंग के क्षेत्र में काम करने के बाद अब उन्होंने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा है। उनके निर्देशन में बनी हिंदी फीचर फिल्म “ना जाने कौन आ गया..” आज 6 मार्च 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
इस फिल्म में फिल्म और ओटीटी जगत के जाने-माने कलाकार जतिन सरना, प्रणय पचौरी और मुधुरिमा रॉय मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की निर्माता भी बरेली से ही जुड़ी हैं। पूजा अरोरा और विपुल धवन फिल्म के निर्माता हैं, जबकि रीत अरोरा सह-निर्माता हैं।
फिल्म एक त्रिकोणीय प्रेम कहानी पर आधारित है, जिसकी शूटिंग उत्तराखंड के नैनीताल की खूबसूरत वादियों में की गई है। फिल्म के गीतों को अपनी आवाज दी है मशहूर पार्श्व गायकों रेखा भारद्वाज, अमित मिश्रा, देव नेगी और लीना बोस ने।
बरेली के प्रतिभाशाली कलाकारों की इस उपलब्धि से शहर में खुशी का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आएगी।


