मेगा फ़ूड पार्क बहेड़ी का डीएम अविनाश सिंह ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर, अधिकारियों को दिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
रिपोर्ट राजेश सिंह
अविनाश सिंह ने शनिवार को मेगा फ़ूड पार्क बहेड़ी का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों और संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, आधारभूत सुविधाओं और विभिन्न इकाइयों के संचालन की जानकारी ली।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेगा फ़ूड पार्क जिले के औद्योगिक और कृषि विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पार्क परिसर में सड़क, विद्युत, पानी, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यहां स्थापित होने वाली इकाइयों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि स्थानीय किसानों और उद्यमियों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जो भी समस्याएं सामने आएं उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अधिकारी एवं परियोजना से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे।


