अमर शहीद दीवान सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, सांसद अजय भट्ट ने सड़क सुधार के दिए सख्त निर्देश

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

अमर शहीद दीवान सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, सांसद अजय भट्ट ने सड़क सुधार के दिए सख्त निर्देश

सहसंपादक हरीश भाकुनी

कोटाबाग (डौनपरेवा), 23 अगस्त। अमर शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी दीवान सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर राजकीय इंटर कॉलेज डौनपरेवा में श्रद्धांजलि सभा एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शहीद दीवान सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को नमन किया।

 

सांसद अजय भट्ट ने शहीद दीवान सिंह बिष्ट के बलिदान को देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि 23 अगस्त का दिन स्वर्ण अक्षरों में लिखा गया है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के अत्याचार के दौर में भी निहत्थे होकर दीवान सिंह बिष्ट ने भारत माता की जय कहते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। ऐसे वीर शहीद हमारे आइकॉन और प्रेरणास्रोत हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।

 

बहुउद्देशीय शिविर में राजस्व, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, पूर्ति और स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया।

 

इस दौरान क्षेत्रवासियों ने रामनगर-डौनपरेवा-बेतालघाट मार्ग की बदहाल स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। सांसद अजय भट्ट ने नाराजगी जताते हुए लोनिवि अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुधारीकरण के लिए 95 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। सांसद ने निर्देश दिए कि धनराशि मिलने तक विभागीय बजट से सड़क को गड्ढामुक्त किया जाए और तत्काल कार्ययोजना बनाकर काम शुरू किया जाए।

 

शिविर में लिंक मार्गों की मरम्मत, पेंशन, विद्युत बिल और सेठी बेलगांव में कोसी नदी से हो रहे भू-कटाव की समस्याएं भी उठीं। सांसद ने संबंधित विभागों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

 

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने विद्यालय में कंप्यूटरों के लिए सांसद निधि से 2 लाख रुपये, जबकि विधायक सरिता आर्या ने विधायक निधि से 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।

 

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य हेम चन्द्र नैनीवाल, ग्राम प्रधान दयाल सिंह, सीडीओ अरविन्द कुमार पाण्डे, एसडीएम नवाजिश खलीक, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई