हल्द्वानी जेल परिसर में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, पुलिस की रेड में तीन आरोपी दबोचे
जान से मारने की धमकी देकर पीछा करने का आरोप, CCTV फुटेज के आधार पर हुई त्वरित कार्रवाई; तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
हल्द्वानी। हल्द्वानी जेल परिसर के पास बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। जेल परिसर में एक व्यक्ति का पीछा कर उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए मामला गंभीर था।
बाजपुर से दोस्त से मिलने आया था शिकायतकर्ता
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को अराज सिंह सिद्धू पुत्र गुरनाम सिंह सिद्धू, निवासी दीहोरी फार्म, बाजपुर, ऊधमसिंह नगर ने थाना हल्द्वानी में तहरीर दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह 24 अगस्त को अपने मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल आया था।
इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार संख्या UK06R-8499 से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने साजिश के तहत उसका पीछा किया और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने आरोपियों के आपराधिक प्रवृत्ति के होने तथा उनके पास अवैध असलाह होने की आशंका भी जताई।
तहरीर के आधार पर थाना हल्द्वानी में मु0अ0सं0 290/2026, धारा 61(2)/351(2)(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
SSP के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के अनावरण के निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी नैनीताल मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुरागरसी-पतारसी के साथ ही CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए पुलिस ने 25 अगस्त को तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
1. सौरभ बावा, पुत्र रोशन लाल, निवासी बेरिया दौलत, थाना बाजपुर, ऊधमसिंह नगर, उम्र 24 वर्ष।
2. मानव वाट, पुत्र सरनजीत सिंह, निवासी दोराहा, थाना बाजपुर, ऊधमसिंह नगर, उम्र 24 वर्ष।
3. गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, पुत्र सुगदेव सिंह, निवासी बांसखेड़ी, थाना केलाखेड़ा, ऊधमसिंह नगर, उम्र 25 वर्ष।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास
सौरभ बावा: थाना गदरपुर में हत्या एवं शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला तथा थाना बाजपुर में मारपीट, बलवा और धमकी संबंधी अभियोग दर्ज हैं।
गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन: थाना गदरपुर में हत्या एवं शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला तथा थाना बाजपुर में मारपीट, बलवा और धमकी संबंधी अभियोग दर्ज हैं।
मानव वाट: थाना बाजपुर में वर्ष 2022 का हत्या संबंधी अभियोग तथा वर्ष 2026 में मारपीट, बलवा और धमकी संबंधी अभियोग दर्ज है।
एक साथी पहले ही तमंचे के साथ पकड़ा जा चुका
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के साथी जतिन्द्र सिंह, पुत्र सरदार बलविन्दर सिंह, निवासी ग्राम गजरौला जोगीपुरा, थाना बाजपुर, ऊधमसिंह नगर, उम्र 32 वर्ष को 24 अगस्त को एक अवैध 315 बोर तमंचे और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
SSP ने कहा- संवेदनशील स्थानों पर अपराध बर्दाश्त नहीं
SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि नैनीताल पुलिस संगीन एवं संगठित अपराधों तथा आपराधिक गैंग पर लगातार नजर रख रही है। जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस ने समय रहते सटीक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम
विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी
रोहताश सिंह सागर, व0उ0नि0
राम सिंह अधिकारी, अ0उ0नि0
भुवन सिंह राणा, उपनिरीक्षक
मनोज कुमार, हे0कानि0
धीरेन्द्र अधिकारी, कानि0 ना0पु0
राहुल राणा, कानि0
कुन्दन सिंह, कानि0
खास बात: पुलिस की त्वरित कार्रवाई और CCTV फुटेज के विश्लेषण से आरोपियों तक समय रहते पहुंच बनाई गई, जिससे पुलिस ने जेल परिसर के आसपास किसी संभावित बड़ी वारदात को होने से पहले ही रोक दिया।





