40 साल की पुलिस सेवा के बाद विदाई, नैनीताल में 5 पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त; SSP मंजूनाथ टीसी ने दी शुभकामनाएं
शॉल, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर किया सम्मानित, SSP मंजूनाथ टीसी ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस परिवार में सोमवार को भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया। जनपद पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले 5 पुलिस कर्मियों ने 31 अगस्त 2026 को ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ली। कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में आयोजित समारोह में एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
40 साल से ज्यादा की सेवा के बाद हुए रिटायर
सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस कर्मियों में उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह ने करीब 40 वर्ष 11 दिन, जबकि उपनिरीक्षक बालकृष्ण ने 38 वर्ष 8 माह 24 दिन पुलिस विभाग में सेवाएं दीं।
वहीं अपर उपनिरीक्षक अशोक कुमार जोशी ने 37 वर्ष 30 दिन, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह ने 27 वर्ष 10 माह 5 दिन और हेड कांस्टेबल दीपक कुँवर ने 26 वर्ष 4 माह 11 दिन की सराहनीय सेवा पूरी की।
अलग-अलग जिलों में दी सेवाएं
सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान नैनीताल के अलावा चम्पावत, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, ऊधमसिंहनगर, देहरादून, बरेली और कानपुर नगर समेत विभिन्न जनपदों में सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग में अपने अनुभवों और सेवाकाल से जुड़े महत्वपूर्ण पलों को भी साझा किया।
एसपी संचार ने कहा- सेवाएं हमेशा याद रहेंगी
एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने पुलिस कर्मियों की सराहनीय सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि विभाग को दी गई उनकी सेवाएं अनुकरणीय हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पौष्टिक आहार लेने और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने की सलाह दी।
समारोह में प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, प्रभारी महिला हेल्पलाइन सुनीता कुंवर, चौकी प्रभारी दमुआदूंगा कुमकुम धनिक सहित पुलिस कार्यालय हल्द्वानी एवं कोतवाली हल्द्वानी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के परिजन भी समारोह में शामिल हुए।
नैनीताल पुलिस परिवार ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





