नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट, कल बंद रहेंगे स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र
हल्द्वानी/नैनीताल। मौसम विभाग ने 5 सितंबर को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने शनिवार 5 सितंबर 2026 को जिले में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
📢 कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल रहेंगे बंद
प्रशासन के आदेश के मुताबिक नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य किया गया है।
⚠️ नदी-नालों और भूस्खलन को लेकर अलर्ट
भारी बारिश के चलते नदी-नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह के साथ ही संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका जताई गई है। ऐसे में प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।
🏫 इन आवासीय स्कूलों पर लागू नहीं होगा आदेश
हालांकि, नैनीताल शहर में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई और रहने की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है, उन पर यह अवकाश आदेश लागू नहीं होगा।
मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
भास्कर न्यूज 24 | मौसम और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पर नजर





