हिमनद झीलों के फटने के जोखिम पर नैनीताल में मंथन, विशेषज्ञों ने पूर्व चेतावनी प्रणाली पर दिया जोर
GLOF आपदाओं के जोखिम न्यूनीकरण और प्रभावी प्रबंधन को लेकर उत्तराखण्ड प्रशासनिक अकादमी में आयोजित हुई महत्वपूर्ण कार्यशाला
नैनीताल, 02 नवम्बर 2026। हिमनद झीलों के फटने से उत्पन्न होने वाली संभावित आपदाओं के जोखिम को कम करने और प्रभावी आपदा प्रबंधन रणनीति तैयार करने को लेकर नैनीताल में विशेषज्ञों ने व्यापक मंथन किया। डॉ. आर.एस. टोलिया उत्तराखण्ड प्रशासनिक अकादमी में ‘हिमनद झीलों के फटने का जोखिम एवं रणनीति’ (Glacial Lake Outburst Flood – GLOF) विषय पर महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई।
महानिदेशक वी.पी. पाण्डे के दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यशाला में हिमनद झीलों के वैज्ञानिक अध्ययन, जोखिम आकलन, निगरानी, पूर्व चेतावनी प्रणाली के विकास और भविष्य की आपदा प्रबंधन रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग देहरादून प्रकाश चन्द्रा तथा विशिष्ट अतिथि मेजर जनरल सुधीर बहल, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), नई दिल्ली, पद्मश्री डॉ. शेखर पाठक, पद्मश्री अनूप साह एवं संयुक्त निदेशक डॉ. महेश कुमार की उपस्थिति में हुआ।
संयुक्त निदेशक डॉ. महेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा और हाल ही में नेपाल में आई बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से सबक लेते हुए भविष्य के संभावित खतरों के प्रभाव को कम करने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण, बेहतर समन्वय और ठोस रणनीति बेहद आवश्यक है।
मुख्य अतिथि प्रकाश चन्द्रा ने बताया कि हिमनद झीलों के फटने से उत्पन्न जोखिमों को लेकर शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न हिमनद झीलों का वैज्ञानिक अध्ययन और जोखिम आकलन किया जा रहा है, वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में अर्ली वार्निंग सिस्टम (पूर्व चेतावनी प्रणाली) विकसित और स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आपदा जोखिम न्यूनीकरण की दृष्टि से इस तरह की कार्यशालाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और विशेषज्ञों के अनुभव भविष्य की रणनीति तैयार करने में उपयोगी साबित होंगे।
विशिष्ट अतिथि मेजर जनरल सुधीर बहल ने हिमनद झीलों से उत्पन्न खतरों और उनके प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने सिक्किम में हिमनद झील फटने से उत्पन्न आपदा से जुड़े अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि समय रहते चेतावनी, त्वरित प्रतिक्रिया और विभिन्न एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय किसी भी बड़ी आपदा के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. शेखर पाठक और पद्मश्री अनूप साह ने भी अपने विचार रखे।
तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने रखे महत्वपूर्ण सुझाव
कार्यशाला के प्रथम तकनीकी सत्र में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान वाडिया हिमालय भू-विज्ञान संस्थान देहरादून के डॉ. डी.पी. डोभाल, डॉ. जयराम, आईसीआई/एमओडी नेपाल के डॉ. फारूख आजम, सेवानिवृत्त एडीजीएम डॉ. आनंद शर्मा, डॉ. आर.के. श्रीवास्तव, जी.बी. पंत विश्वविद्यालय पंतनगर, कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के भू-विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव उपाध्याय, यूएसडीएमए देहरादून के जीआईएस विशेषज्ञ रोहित कुमार, आईआईआरएस देहरादून के डॉ. हरीश कर्नाटक, सीबीआरआई रुड़की के डॉ. राजेश दास तथा डॉ. एन.एल. ठकुराल सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया।
विशेषज्ञों ने हिमनद झीलों की पहचान और निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों के वैज्ञानिक आकलन, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान और आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और सुझाव साझा किए।
कार्यशाला का संचालन कार्यक्रम निदेशक डॉ. मंजू पाण्डे ने किया। इस अवसर पर अकादमी के वी.के. सिंह, रिचांशु शर्मा, पूनम पाठक, पूनम पंत, डॉ. अनिल मिश्रा, नायक एवं समन्वयक डॉ. ओमप्रकाश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों, संस्थानों और संबंधित क्षेत्रों से कुल 120 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। विशेषज्ञों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ते प्राकृतिक जोखिमों को देखते हुए वैज्ञानिक निगरानी, मजबूत पूर्व चेतावनी प्रणाली और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय भविष्य की आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।





